Thursday, August 4, 2011

540 केंद्रों पर होगी हरियाणा राज्य शिक्षक पात्रता परीक्षा


परीक्षा के लिए शिक्षा बोर्ड की तैयारी पूरी
हिसार में सबसे ज्यादा 60 परीक्षा केंद्र

      हरियाणा राज्य शिक्षक पात्रता परीक्षा में नकल पर नकेल डालने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों की वीडियोग्राफी 
करवाई जाएगी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड इसकी तैयारी में जुटा है। प्रदेशभर में विभिन्न जिलों में स्थित फोटोग्राफरों से बोर्ड की टीम संपर्क कर रही है। उनसे कोटेशन ली जा रही हैं। शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए प्रदेश भर में करीब 540 परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। हालांकि परीक्षा केंद्रों के बारे में फाइनल मुहर नहीं लगी है फिर भी औपचारिक तौर पर इन परीक्षा केंद्रों को अंतिम रूप दे दिया गया है। जरूरी होने पर यह संख्या थोड़ी बहुत घटाई बढ़ाई जा सकती है।
     हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से मिली जानकारी के अनुसार राज्य शिक्षक परीक्षा में नकल नहीं होने देने के लिए बोर्ड ने कमर कस ली है। किसी परीक्षार्थी की जगह दूसरा परीक्षार्थी न बैठ पाए इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों की वीडियोग्राफी करवाई जाएगी। प्रदेशभर से विभिन्न फोटोग्राफरों से टेंडर मांगे जाएंगे। बोर्ड की टीम जिला वाइज फोटोग्राफरों से संपर्क कर कर रही हैं। बोर्ड सूत्र बताते हैं कि प्रदेश के 17 जिलों में राज्य शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए 540 परीक्षा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। बोर्ड को उम्मीद है कि इस परीक्षा में करीब साढे़ तीन लाख परीक्षार्थी प्रविष्ट होंगे। उसके हिसाब से ही बोर्ड तैयारियों में जुटा है। बोर्ड के अधिकारिक सूत्र बताते हैं कि राज्य शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए हिसार में सबसे अधिक 60 परीक्षा केंद्र वहीं फतेहाबाद में सबसे कम 17 परीक्षा केंद्र बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा भिवानी में 24, अंबाला में 31, गुड़गांव में 26, कैथल में 36, फरीदाबाद में 28, कुरुक्षेत्र में 33, रेवाड़ी में 51, सोनीपत में 31, पंचकूला में 24, सिरसा में 27, यमुनानगर में 50, पानीपत में 25, जींद में 26 और रोहतक में 20 परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के सचिव शेखर विद्यार्थी ने परीक्षा केंद्रों की वीडियोग्राफी करवाने की पुष्टि की तथा कहा कि बोर्ड ने राज्य शिक्षक पात्रता परीक्षा में रोक लगाने के लिए सभी तैयारियां कर ली हैं। इसके सार्थक परिणाम सामने आएंगे।    

No comments:

Post a Comment