Showing posts with label HTET. Show all posts
Showing posts with label HTET. Show all posts

Thursday, September 1, 2016

खत्म नहीं होगी एचटेट की वैधता

कांग्रेस सरकार में बनाए गए शिक्षक पात्रता परीक्षा के नियमों में बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है।
इसके तहत अब पात्रता परीक्षा का सर्टिफिकेट केवल पांच वर्ष के लिए नहीं, बल्कि जीवनभर आपकी योग्यता को बरकरार रखेगा। नेशनल काउंसिल ऑफ टीचर एजूकेशन (एनसीटीई) ने इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर केंद्रीय मंत्रलय को भेज दिया है। वहां से हरी झंडी मिली तो देशभर में पात्रता परीक्षा के सर्टिफिकेट दसवीं एवं बारहवीं कक्षा के प्रमाणपत्रों की तरह जीवनभर के लिए उपयोगी हो जाएंगे।

Tuesday, September 1, 2015

HTET अक्टूबर नहीं, नवंबर में होने की संभावना

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड प्रशासन ने एचटेट करवाने के लिए नए सिरे से तैयारियां शुरू कर दी हैं। अक्टूबर की बजाए नवंबर माह में पात्रता परीक्षा करवाने के लिए सुझाव बोर्ड प्रशासन ने सरकार को भेजा है। हालांकि अभी सरकार की ओर से इस पर अंतिम फैसला लिया जाना है।
 सूत्रों के अनुसार हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड प्रशासन ने नवंबर माह के प्रथम पखवाड़े के पहले दो सप्ताह में हरियाणा पात्रता परीक्षा करवाने के लिए सुझाव दिया है। इनमें 7 व 8 नवंबर और 14 व 15 नवंबर को पात्रता परीक्षा करवाने के लिए उचित बताया गया है।15 नवंबर को एसएससी की परीक्षा है। इस वजह से संभावना यह है कि 7 व 8 नवंबर को ही पात्रता परीक्षा करवाने का अंतिम फैसला होगा।

Monday, August 24, 2015

एचटेट परीक्षार्थियों को ऑनलाइन देनी होगी सेंटर च्वाइस

अक्तूबर महीने में संभावित एचटेट (हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा) एग्जॉम की तैयारियों को लेकर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड एक बार फिर जुट गया है। शिक्षा बोर्ड अगले दो-तीन दिन में परीक्षार्थियों से सेंटर की च्वाइस मांगेगा। परीक्षार्थी को ऑनलाइन अपनी च्वाइस देनी होगी।
सूत्र बताते हैं कि ऑनलाइन सेंटर च्वाइस के लिए बोर्ड ने सोमवार से कसरत आरंभ कर दी है। अगले दो-तीन दिन के भीतर सभी साढ़े चार लाख परीक्षार्थियों से सेंटर च्वाइस मांगेगा। परीक्षार्थी को वेबसाइट पर पहले अपना रजिस्ट्रेशन नंबर डालना होगा, इसके बाद सेंटर च्वाइस में तीन ऑप्शन आएंगे। हर परीक्षार्थी को तीनों च्वाइस भरनी होंगी।
सेक्रेटरी ने किया सभी डीईओ से मशविरा
हर जिले में एचटेट सेंटर की तैयारियों के मकसद से सोमवार को शिक्षा बोर्ड प्रशासन ने प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (डीईओ) से चर्चा की। सेक्रेटरी पंकज सभी डीईओ को एचटेट परीक्षार्थियों की संख्या नोट कराई और निर्देश दिए कि अपने-अपने जिलों के सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर तुरंत बोर्ड को अपनी रिपोर्ट भेजें।
सात जिलों में बनने वाले नए सेंटर को लेकर बोर्ड प्रशासन ने संबंधित जिला शिक्षा अधिकारियों को ज्यादा मुस्तैदी से अपने कार्य को अंजाम देने की बात कही गई। बता दें कि एचटेट परीक्षा के 30 व 31 अगस्त के शेड्यूल में भिवानी, रोहतक, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, सोनीपत व जींद जिलों में बोर्ड ने सेंटर नहीं बनाए थे।

Friday, August 21, 2015

एचटेट में तीन बार देना होगा अंगूठे का निशान

हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के दौरान परीक्षार्थी को तीन बार अंगूठे का निशान देना होगा। पहला निशान केंद्र में प्रवेश करते ही बायोमेट्रिक मशीन में देना होगा। दूसरा निशान उत्तर पुस्तिका और तीसरा हाजिरी के लिए अलग से आई बोर्ड की कॉपी पर देना होगा। यह निशान इंकलेस पैड से लिया जाएगा। इसकी खासियत यह है कि इस पैड से लिए गए अंगूठे के निशान बहुत ही स्पष्ट होते हैं और गहरी स्याही से निशानों को मिटाकर भ्रमित नहीं किया जा सकता।

एचटेट के सेंटर अब जिले में ही होंगे : शिक्षा मंत्री

4.5 लाख परीक्षार्थियों को मिली बड़ी राहत
30-31 अगस्त को होनी है परीक्षा,

 नए सिरे से इंटरनेट पर जारी होंगे रोल नंबर
हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (एचटेट ) देने वाले करीब साढ़े चार लाख युवाओं के लिए अच्छी खबर है। अब किसी भी परीक्षार्थी को अपने जिले से बाहर परीक्षा देने नहीं जाना पड़ेगा। यह घोषणा गुरुवार को शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने की। वे महेंद्रगढ़ में अपने पैतृक गांव राठीवास में भास्कर से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि दो दिन में नए सिरे से रोल नंबर जारी कर दिए जाएंगे। इसमें एचटेट की परीक्षा देने वाले किसी भी परीक्षार्थी का सेंटर दूसरे जिले में नहीं होगा। इसकी जिम्मेदारी शिक्षा विभाग के प्रिंसिपल सेक्रेटरी टीसी गुप्ता को दी गई है।

Monday, August 3, 2015

एचटेट में गड़बड़ी, शिक्षा बोर्ड पर 1 लाख जुर्माना

पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने हरियाणा में 2010 में जारी विज्ञापन के तहत जेबीटी भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अध्यापक पात्रता टेस्ट (एचटेट) में फर्जी उम्मीदवारों पर एफआईआर दर्ज करने का आदेश जारी करते हुए याचिका का निपटारा कर दिया है। एचटेट में गड़बड़ी पर हाईकोर्ट ने हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड पर एक लाख रुपये जुर्माना लगाते हुए कहा है कि वह पारदर्शी परीक्षा कराने में विफल रहा है।
सरकार ने पहले 776 परीक्षार्थियों की पहचान फर्जी उम्मीदवारों के तौर पर की थी। हाईकोर्ट ने इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का निर्देश देते हुए मुकम्मल रिपोर्ट तलब की थी।

Friday, March 7, 2014

हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा पास करने वाले 90 फीसद टीचर फर्जी

अध्यापक पात्रता परीक्षा पास करने में प्रदेश के 90 फीसद जेबीटी टीचरों ने बड़े-बड़े मुन्ना भाइयों को भी पीछे छोड़ दिया है। फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) मधुबन की जांच रिपोर्ट में सामने आया है कि वर्ष 2011 में नियुक्ति पाने वाले जेबीटी टीचरों में सिर्फ 1093 ऐसे हैं, जिन्होंने पात्रता परीक्षा सही तरीके से पास की है।
शुक्रवार को हाई कोर्ट में मौलिक शिक्षा विभाग के महानिदेशक डी सुरेश कुमार ने हलफनामा देकर बताया कि उच्च न्यायालय के आदेश पर शिक्षा विभाग ने 2011 में जेबीटी टीचर नियुक्त हुए 8285 टीचरों द्वारा फर्जी तरीके से अध्यापक पात्रता परीक्षा पास करने की जांच शुरू की थी। विभाग ने सभी टीचरों के आवेदन फार्म व उत्तरपुस्तिका (ओएमआर सीट) पर अंगूठे के निशान की जांच की व इसकी एफएसएल जांच करवाई। एफएसएल जांच में जो रिपोर्ट आई वह चौंकाने वाली है। जांच में केवल 1093 टीचर ऐसे मिले जिनके अध्यापक पात्रता परीक्षा के आवेदन फार्म व उत्तर पुस्तिका पर अंगूठे के निशान एक जैसे मिले। बाकी 6800 टीचरों के अंगूठे के निशान नहीं मिल रहे हैं। इससे इन टीचरों का अध्यापक पात्रता परीक्षा पास करना संदेह के दायरे में है।
हलफनामे के अनुसार एफएसएल जांच में पाया गया कि केवल 1093 शिक्षकों ने सही तरीके से परीक्षा पास की है, जबकि 751 टीचरों ने फर्जी तरीके से परीक्षा पास की है। रिपोर्ट के अनुसार 6049 टीचर परीक्षा पास करने में संदिग्ध पाए गए हैं। 390 टीचर ऐसे हैं जिन्होंने या तो नौकरी छोड़ दी है या भय की वजह से अपने अंगूठे की जांच नहीं करवाई या अन्य कारणों से वे जांच में नहीं आ पाए। 2 टीचर ऐसे हैं जिनका रिकार्ड नहीं मिल पाया।

भर्ती में बड़े स्तर पर हुई धांधली : हाई कोर्ट के जस्टिस एजी मसीह ने इस जांच रिपोर्ट को रिकार्ड पर रखते हुए सरकार को निर्देश दिया कि संदिग्ध 6049 की पूर्ण जांच कर अगली सुनवाई तक कोर्ट में पेश की जाए। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता के वकील जसबीर मोर ने कोर्ट को कहा कि जांच में साफ हो गया है कि इस भर्ती में बड़े स्तर पर धांधली हुई है, लिहाजा इनकी भर्ती रद कर याचिकाकर्ता व प्रतीक्षा सूची में रहे उम्मीदवारों को नियुक्ति दी जाए। मोर ने कोर्ट को बताया कि इस मामले में सरकार की तरफ से शुरू में कहा गया था कि दोषी टीचर्स के प्रमाण पत्र रद कर उनके खिलाफ पुलिस जांच कराई जाएगी।

Monday, February 3, 2014

HTET Result व Answer Key 20 फरवरी तक

एक व दो फरवरी को प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा का परिणाम व उत्तर कुंजी एक साथ जारी होगी। बोर्ड के मुताबिक 20 फरवरी तक रिजल्ट व आंसर-की वेबसाइट पर डाली जा सकती हैं। बोर्ड सचिव ने इस संदर्भ में अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी है, ताकि जल्द ही रिजल्ट जारी किया जा सके।
एक्सपर्ट टीम करेगी उत्तर कुंजी की जांच : एचटेट प्रश्नों की उत्तर कुंजी में कोई गलती की गुंजाइश न रहे, इस बात को ध्यान में रखते हुए संबंधित विषयों के विशेषज्ञों की एक कमेटी प्रश्न-उत्तरों की जांच करके उत्तर कुंजी तैयार करेगी। इसके साथ साथ रिजल्ट भी तैयार हो जाएगा
उत्तर कुंजियों पर उठे थे सवाल: वर्ष 2014 से पहले हुए एचटेट प्रश्न पत्रों की उत्तर कुंजी पर सवाल उठे हैं। जिसके चलते कोर्ट में भी आवेदकों ने याचिका लगाई है। जिन्हें बाद में रियायत मिली है। बोर्ड इस बार उत्तर कुंजी को लेकर काफी संजीदा है। इस कारण इस बार पहले से ही उत्तर कुंजी विषय एक्सपर्ट से जांच कराई जाएगी। इसके लिए तीन अलग-अलग टीम बनाने की प्लानिंग की जा रही है ताकि तीनों टीमें उत्तर कुंजी तैयार करेंगी तभी उत्तर कुंजी जारी की जाएगी।
"आगामी दस दिनों में विभिन्न विषयों के एक्सपर्ट की टीमें बनाकर उत्तर कुंजी व रिजल्ट घोषित किया जाएगा। ताकि उत्तर कुंजी पर कोई आपत्ति दर्ज न हो। 20 फरवरी तक रिजल्ट घोषित करने को आधार मानकर कार्रवाई शुरू की जाएगी।"
- डॉ. अंशज, सचिव हरियाणा शिक्षा बोर्ड

Sunday, February 2, 2014

'वाट्स अप' पर बिकी एचटेट (HTET) की फर्जी 'की'

एचटेट नकली 'की' के सहारे परीक्षार्थियों को ठगने वाले दलालों ने इस बार 'की' बेचने के लिए वाट्स अप का सहारा लिया। जिन लोगों से रुपये ऐंठे उनके नंबर के आधार पर वाट्स अप से 'की' पहुंचा दी। पुलिस ने रविवार की परीक्षा में भी यमुनानगर व फतेहाबाद से दो युवकों को नकली की के साथ पकड़ा। की बेचने वाले युवकों से बरामद की का जब असल की से मिलान किया गया तो अधिकतर जवाब नहीं मिले। इसके बाद बोर्ड सचिव डा. अंशज सिंह ने बरामद की को नकली बताया। मगर, जांच में सेट ए के 150 में से 34, सेट बी के 150 सवालों में से 29, सेट सी के 39 और सेट डी के 40 जवाब सही मिले। इस बारे में बोर्ड सचिव डा. अंशज सिंह ने कहा कि ये तो कयास के आधार पर ठीक मिले है। अगर, कोई भी व्यक्ति 140 प्रश्नों के अनुमान से भी जवाब देता है तो इतने सही हो सकते हैं।

Monday, January 27, 2014

2 फरवरी को एचटेट (HTET), दिल्ली में प्राइमरी टीचर परीक्षा

2 फरवरी को हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा व दिल्ली सबआर्डिनेट सर्विस सेलेक्शन बोर्ड की प्राइमरी टीचर परीक्षा होने से हजारों विद्यार्थी असमंजस में हैं। हैरत की बात यह कि निर्धारित तिथि के साथ ही परीक्षा का समय भी एक ही है। ऐसे में विद्यार्थियों ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड व दिल्ली बोर्ड से परीक्षा की तिथि बदलने की मांग की है। वहीं, शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन केसी भारद्वाज का कहना है कि किसी भी सूरत में परीक्षा की तिथि में बदलाव नहीं होगा। एचटेट परीक्षा सुबह साढ़े दस बजे से एक बजे तक है, वहीं दिल्ली बोर्ड की परीक्षा का समय सुबह साढ़े दस से साढ़े 12 बजे है। ऐसे में वे दोनों में से सिर्फ एक ही परीक्षा दे पाएंगे। हजारों परीक्षार्थी हैं जो इस दुविधा का शिकार हैं। उनके करियर के लिए दोनों ही परीक्षाएं काफी महत्वपूर्ण हैं। अगर बोर्ड ने परीक्षा की तिथि में बदलाव नहीं किया तो उन्हें किसी एक परीक्षा से वंचित रहना पड़ सकता है। बोर्ड को चाहिए कि विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए परीक्षाओं की तिथि बदले।

Sunday, December 15, 2013

एचटेट (HTET) ऑनलाइन फॉर्म भरने की प्रक्रिया आज से

आगामी एक व दो फरवरी को आयोजित होने वाले हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा एचटेट की परीक्षा के लिए फॉर्म भरने की प्रक्रिया 16 दिसंबर से शुरु हो जाएगी। इस बार आवेदकों को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी की वेबसाइट से ऑनलाइन ही फॉर्म भरने होंगे। 27 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन भरने के बाद 30 दिसंबर तक बैंकों में फीस और कन्फर्मेशन किया जा सकेगा। बोर्ड की ओर से जारी कार्यक्रम अनुसार इस बार बोर्ड की ओर से एडमिट कार्ड डाक से नहीं भेजा जाएगा। परीक्षार्थियों को ऑनलाइन ही डाउनलोड करना पड़ेगा। 20 जनवरी से वे अपने रोलनंबर व एडमिट कार्ड निकाल सकेंगे।
तीन लेवल में होने हैं परीक्षा: लेवल एक में पहली से पांचवीं प्राथमिक शिक्षक, लेवल टू छठी से आठवीं टीजीटी तथा लेवल तीन में लेक्चरर पीजीटी की परीक्षा होनी है।
पीजीटी व टीजीटी में जुड़े कई विषय: इस बार परीक्षा में पीजीटी में फाइन आर्ट, म्यूजिक व कंप्यूटर साइंस तथा टीजीटी में आर्ट व म्यूजिक के विषय शामिल किए गए हैं। इससे परीक्षार्थियों की संख्या बढऩे की उम्मीद है।

Friday, December 13, 2013

हरियाणा प्रदेश में 20 हजार शिक्षकों की भर्ती का रास्ता साफ

प्रदेश में 20 हजार से ज्यादा शिक्षकों की भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने शुक्रवार को इन भर्तियों के नतीजे घोषित करने पर लगी रोक हटा दी। हरियाणा स्कूल टीचर्स सिलेक्शन बोर्ड के गठन को खारिज करने की मांग को लेकर एक याचिका लगाई गई थी। इसे हाईकोर्ट ने रद्द कर दिया। चीफ जस्टिस संजय किशन कौल व जस्टिस एजी मसीह की खंडपीठ ने कहा कि जनहित याचिका में निजी हित जुड़े हैं। खंडपीठ ने याचिका लगाने वाले विजय बंसल पर 25 हजार का जुर्माना भी लगाया।
बेंच ने अपने 42 पेज के फैसले में कहा कि विजय बंसल ने राजनीतिक लाभ के लिए ज्युडीशियल फोरम का सहारा लिया। इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता। बंसल ने सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी छोड़ी और वर्ष 2009 में बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा। 2011 में उसने इनेलो का दामन थाम लिया। बंसल के बयान और तस्वीरें जाहिर करती हैं कि वे याचिका के जरिए राजनीतिक स्वार्थ साधने का प्रयास कर रहे थे। कोर्ट ने कहा कि चेयरमैन व सदस्यों की रिटायरमेंट आयु बढ़ाना, सरकार का पॉलिसी मैटर है। इसमें अदालत का दखल जरूरी नहीं।

Wednesday, December 4, 2013

हरियाणा अध्यापक पात्रता (HTET) परीक्षा तिथि 1 व 2 फरवरी को फाइनल

शिक्षा विभाग ने हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा की तिथि 1 व 2 फरवरी को फाइनल कर दिया है। वहीं आवेदन में पांच प्रतिशत की छूट का लाभ लेने वाले प्रदेश के एससी, एसटी, विकलांग उम्मीदवारों को छूट में ढाई प्रतिशत का जोर का झटका धीरे से लगा दिया गया है। नए नियम के अनुसार अब छूट लेने वाले विशेष वर्ग के 45 प्रतिशत अंक लेकर पास होने वाले उम्मीदवार एचटेट में आवेदन नहीं कर सकेंगे। नए नियम के मुताबिक 47.50 प्रतिशत से अधिक अंकों वाले उम्मीदवारों को ही एचटेट के लिए आवेदन करने के योग्य माना जाएगा। वहीं पीजीटी कैटेगरी में फाइन आर्ट, म्यूजिक व कंप्यूटरसाइंस और टीजीटी में आर्ट व म्यूजिक विषय को भी शामिल कर लिया गया है।

Friday, November 29, 2013

एक और दो फरवरी को होगी एचटेट

हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) की बाट जोह रहे लाखों युवाओं के लिए अच्छी खबर है।
स्कूल शिक्षा बोर्ड ने अगले साल एक व दो फरवरी को एचटेट लेने की तैयारी कर ली है।

स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. अंशज के अनुसार, बोर्ड ने मंजूरी के लिए फाइल चंडीगढ़ शिक्षा निदेशालय भेज दी है। सरकार से मंजूरी मिलते ही सूचना जारी कर ऑनलाइन आवेदन मांग लिए जाएंगे।

Monday, November 18, 2013

हरियाणा जेबीटी भर्ती में जून 2013 के एचटेट पास को मौका दिया

•हाईकोर्ट के अंतरिम आदेश के बाद शिक्षक चयन बोर्ड ने किया ऐलान
•19 से 29 नवंबर तक आनलाइन भरे जा सकेंगे आवेदन
 
हरियाणा स्कूल शिक्षक चयन बोर्ड ने जेबीटी टीचरों के पदों पर आवेदन करने के लिए उन पात्र उम्मीदवारों को मौका दिया है जिन्होंने जून, 2013 में हरियाणा टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (एचटेट) पास कर लिया है। बोर्ड ने यह मौका पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस सुरेंद्र गुप्ता की खंडपीठ के अंतरिम आदेश के बाद दिया है।
बोर्ड के सचिव ने सूचना जारी की है कि बोर्ड ने 8 नवंबर, 2012 को जेबीटी टीचर के पद विज्ञापित किए थे। अब हाईकोर्ट का अंतरिम आदेश 8 नवंबर
, 2012 को बोर्ड ने हासिल कर लिया है।

अंतरिम आदेश की पालना करते हुए बोर्ड ने उन पात्र उम्मीदवारों से जेबीटी टीचर के लिए आनलाइन आवेदन मांगे हैं, जिन्होंने जून, 2013 में एचटेट पास किया मगर 8 दिसंबर, 2012 को कटऑफ डेट के दिन उनके पास न्यूनतम योग्यता थी। ऐसे उम्मीदवार 19 नवंबर से 29 नवंबर तक आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ये आवेदन वेबसाइट  पर कर सकते हैं। जो उम्मीदवार अब आवेदन करेंगे, उनकी उम्मीदवारी का अंतिम फैसला हाईकोर्ट के फैसले पर निर्भर करेगा।

जेबीटी टीचर परिणाम घोषित हो सकेगाजस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस सुरेंद्र गुप्ता की खंडपीठ ने हालांकि अंतरिम आदेश तो 23 अक्तूबर 2013 को सुनाया था, मगर अंतरिम आदेश की प्रति अब प्राप्त हुई है। खंडपीठ ने अपने 27 अगस्त, 2013 के अंतरिम आदेश में संशोधन करते हुए निर्देश दिया है कि हरियाणा स्कूल शिक्षक चयन बोर्ड अगर चाहे तो जेबीटी शिक्षक भर्ती का परिणाम घोषित कर सकता है। अलबत्ता, चयन के मानदंड और चयनित उम्मीदवारों का पूरा रिकार्ड हाईकोर्ट को अगली सुनवाई पर दे। इस आदेश के बाद जेबीटी टीचर के 9880 पदों पर चयन हो सकेगा। हाईकोर्ट ने इससे पहले परिणाम घोषित करने पर रोक लगा रखी थी। इनमें से 1107 पद मेवात जिले के लिए हैं जबकि 8763 पद अन्य शेष जिलों के लिए हैं।

Thursday, October 24, 2013

हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) फरवरी 2014 के प्रथम सप्ताह में

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड प्रशासन ने हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के आयोजन के लिए फरवरी माह के प्रथम सप्ताह में शनिवार व रविवार को संभावित तिथि में शामिल कर रिपोर्ट शिक्षा विभाग को भेज दी है। इसके बाद जनवरी 2014 में एचटेट के आयोजन के तमाम कयास समाप्त हो गए हैं। सूत्र बताते हैं कि बोर्ड प्रशासन ने जनवरी माह में एचटेट के आयोजन करने से इसलिए इंकार कर दिया है, क्योंकि इस माह के दौरान पूरे उत्तरी भारत में धुंध रहती है। मार्च माह में वार्षिक परीक्षाएं शुरू हो जाती हैं। इसलिए फरवरी 2014 के प्रथम सप्ताह के शनिवार व रविवार को एचटेट के आयोजन के लिए सबसे उचित मानते हुए रिपोर्ट शिक्षा विभाग को भेजी जा चुकी है।  फरवरी के प्रथम सप्ताह के शनिवार व रविवार को एचटेट आयोजन से संबंधित फाइल शिक्षा विभाग के पास भेजी जा चुकी है।

Friday, July 19, 2013

हरियाणा प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों को खराब एचटेट रिजल्ट पर पत्र

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड प्रशासन अब डीएड के बाद बीएड कॉलेजों की भी खिंचाई करने की तैयारी कर रहा है। जल्द ही प्रदेश के सभी विश्वविद्यालय प्रशासन को टीजीटी के खराब एचटेट रिजल्ट को लेकर लिखा जाएगा और बीएड संस्थाओं की जांच की सिफारिश की जाएगी। बता दें कि पूरे प्रदेश में पीजीटी (लेवल-3) का एचटेट रिजल्ट केवल 2.70 रहा है। प्रदेश के 90 हजार भावी शिक्षकों में से केवल 2248 ही पास हो पाए हैं। लेवल 2 का रिजल्ट तो इससे भी खराब रहा है। इस लेवल के 1 लाख 49 हजार 255 भावी शिक्षकों में से केवल 2147 ही पास हो पाए हैं।1इतना खराब रिजल्ट वास्तव में ही शिक्षा वर्ग, शिक्षा विभाग व शिक्षा बोर्ड प्रशासन को सोचने को मजबूर कर रहा है। इस मामले में रिजल्ट की कापी सहित शिक्षा बोर्ड प्रशासन पूरे प्रदेश के विश्वविद्यालयों को पत्र लिखेगा। इस पत्र में सिफारिश की जाएगी कि प्रदेश के सभी बीएड कालेजों का फिजिकल निरीक्षण किया जाए। शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. असंज सिंह ने कहा कि निश्चित तौर पर इतने कम प्रतिशत छात्रों का पास होना चिंता का विषय है। प्रदेश के 327 डीएड कॉलेजों का निरीक्षण तो वह अपने स्तर पर ही करेंगे, लेकिन बीएड कॉलेजों के लिए सभी विश्वविद्यालयों को पत्र लिखेंगे।

Sunday, July 14, 2013

अब एचटेट परीक्षा परिणाम 18 जुलाई तक आने की उम्मीद

प्रदेश के भावी शिक्षकों को अभी एचटेट रिजल्ट का इंतजार करना पड़ेगा। दरअसल, एचटेट परीक्षा में छोटी सी गलती हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के लिए नासूर बन गई है। परीक्षा के दौरान कई प्रश्न गलत थे, जिन पर परीक्षार्थियों ने आपत्ति जताई थी। अब लाखों उत्तर पुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन किया जा रहा है। 1बता दें कि एचटेट परीक्षा परिणाम पहले 15 को आने की उम्मीद थी लेकिन अब रिजल्ट तैयार न होने के कारण अब परिणाम 18 जुलाई तक आने की उम्मीद है। दरअसल, प्रश्न पत्रों में कई प्रश्न गलत थे। कई प्रश्नों के दिए गए चार विकल्प या उत्तर में से दो सही थे। ऐसे में परीक्षार्थियों को बोर्ड की गलती से नंबर कटने का डर सता रहा था। इस संबंध में परीक्षार्थियों ने बोर्ड को पत्र लिख गलती सुधारते हुए ग्रेस मार्क्‍स देने की अपील की थी। इसी कारण विभाग को लाखों उत्तर पुस्तिकाओं का फिर से पुर्नमूल्यांकन करना पड़ रहा है।1बोर्ड ने 25 व 26 जून को लेवल थ्री पीजीटी, लेवल फस्र्ट व द्वितीय की प्रदेश भर के करीब साढ़े चार लाख परीक्षार्थियों ने दी थी। परीक्षा में दिए गए प्रश्न-पत्र में कई प्रश्नों के दिए गए विकल्पों में दो-दो उत्तर सही थे लेकिन परीक्षार्थियों ने उनमें से एक को चुना। इसके बाद परीक्षार्थियों ने विभिन्न किताबें खंगाल कर दोनों उत्तर सही होने की तसल्ली कर ली है। ऐसे में दोनों उत्तर सही पाए गए और उस हिसाब से बोर्ड को ग्रेस मार्क्‍स देने की गुहार लगाई थी।

Saturday, July 6, 2013

HTET-2013 : 15 जुलाई को Result & Answer Key जारी कर सकता है बोर्ड

25 व 26 जून को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर आयोजित की गई हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा के प्रश्न पत्रों की उत्तर कुंजी का इंतजार कर रहे भावी अध्यापकों को अभी और इंतजार करना पड़ेगा। शिक्षा बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों की मीटिंग में तीनों लेवल की परीक्षाओं की उत्तर कुंजी रिजल्ट के साथ वेबसाइट पर अपलोड करने की योजना बनाई गई है। योजना के तहत जल्दी ही नोटिफिकेशन जारी कर विभाग की वेबसाइट पर भी सूचना दी जानी है। 15 जुलाई को रिजल्ट आ सकता है। फिलहाल बोर्ड ने अभी तक रिजल्ट की डेट फाइनल नहीं की है, लेकिन 15 जुलाई के आसपास रिजल्ट घोषित किए जाने पर विचार हो चुका है। सूत्रों के मुताबिक 15 जुलाई को रिजल्ट व उत्तर कुंजी घोषित करने के लिए पूरी कार्रवाई विभाग द्वारा कराई जा रही है। 
उल्लेखनीय है कि पीजीटी के लिए 25 जून को जबकि टीजीटी व पीआरटी के लिए 26 जून को प्रदेश के विभिन्न शहरों में परीक्षाएं हुई थीं। इन परीक्षाओं में करीब 3 लाख 60 हजार परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। शिक्षा बोर्ड द्वारा पहले योजना बनाई गई थी एक्सपर्ट के विश्लेषण में बाद पहले उत्तर कुंजी जारी की जाएगी, बाद में 15 जुलाई तक रिजल्ट घोषित किया जाएगा। 
बोर्ड के अधिकारियों की बैठक में अब योजना बनाई गई है कि रिजल्ट व उत्तर कुंजी एक साथ साइट पर अपलोड की जाएगी। भिवानी बोर्ड द्वारा पहली एचटेट से जुड़ी संपूर्ण कार्रवाई ऑनलाइन की है। इससे पहले हुई अध्यापक पात्रता परीक्षाओं में संपूर्ण कार्रवाई कागजी तौर पर पूरी करनी होती थी।

Tuesday, June 18, 2013

हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) - भाषा नियम को हाई कोर्ट में चुनौती

अगले सप्ताह होने वाली हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा पर फिर संकट के बादल छा गए हैं। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित इस परीक्षा की स्कीम आफ एग्जाम को हाई कोर्ट में चुनौती दी गई है। हिसार जिले के सत्यवान व अन्य ने हाई कोर्ट में याचिका दायर कर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए स्कीम आफ एग्जाम के लिए जारी किए गए उस निर्देश को रद करने की मांग की गई है जिसके तहत पेपर एक में अंग्रेजी को अनिवार्य कर दिया गया है। पहले यह भाषा हिंदी थी। नियम के अनुसार पेपर एक के रूप में उसी भाषा में परीक्षा होती है जिसमें अध्यापकों को बच्चों को पढ़ाना होता है। मामले की सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता के वकील पदम कांत द्विवेदी ने कोर्ट को बताया कि इस मामले में हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड ने हरियाणा पात्रता परीक्षा के लिए जो सिलेबस सिस्टम अपनाया है, वह पूर्ण रूप से नियमों के खिलाफ है। बोर्ड ने शिक्षा विभाग, नेशनल काउंसिल आफ टीचर एजुकेशन व राज भाषा के नियम को ताक पर रख कर इस परीक्षा में अंग्रेजी को मुख्य भाषा पेपर एक तय किया है और इसमें सभी छात्रों को पास करना भी जरूरी किया है। बहस के दौरान द्विवेदी ने कोर्ट को बताया कि अभी तक जितनी बार भी अध्यापक पात्रता परीक्षा हुई है, इसमें हिंदी को मुख्य पेपर भाषा एक में रखा जाता था तथा अन्य भाषा को पेपर दो में रखा जाता था। याचिका के अनुसार नेशनल काउंसिल आफ टीचर एजुकेशन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शिक्षा के अधिकार के तहत बच्चों को प्राथमिक शिक्षा उनकी मातृ भाषा में दी जाए व पेपर एक भाषा पढ़ाने के लिए माध्यम होगा। लेकिन बोर्ड ने पेपर एक में अंग्रेजी व पेपर दो में हिंदी, संस्कृत, पंजाबी या उर्दू में से एक भाषा को चुनने को कहा है जिस कारण हिंदी को अनावश्यक घोषित कर दिया है। याचिका में कहा गया है कि संस्कृत, पंजाबी व हिंदी भाषा के अध्यापकों के लिए भी पेपर एक पास करना जरूरी हो गया है। इसी तरह कक्षा एक से पांच के अध्यापकों को भी केवल हिंदी भाषा में बच्चों को पढ़ाना है लेकिन बोर्ड ने उनको भी अंग्रेजी पेपर एक पास करना जरूरी कर दिया। कोर्ट से आग्रह किया किया कि जब तक नियमों के अनुसार हिंदी भाषा एक का आदेश जारी नहीं किया जाता तब तक अगले सप्ताह होने वाली इस परीक्षा पर रोक लगाई जाए। याचिकाकर्ता के वकील की दलील सुनने के बाद जस्टिस ए जी मसीह ने हरियाणा के शिक्षा सचिव, निदेशक स्कूली शिक्षा विभाग, सचिव हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड व नेशनल काउंसिल आफ टीचर एजुकेशन को 24 जून के लिए नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।