Showing posts with label HTET 2014. Show all posts
Showing posts with label HTET 2014. Show all posts

Sunday, April 27, 2014

सितंबर में शिक्षक पात्रता परीक्षा HTET 2014 कराने की तैयारी


अगर सब कुछ ठीक ठाक रहा तो इसी साल सितंबर में हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा हो सकती है। इसके लिए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड प्रशासन ने पूरा प्रपोजल तैयार कर लिया है।
बोर्ड प्रशासन इस परीक्षा के लिए लोकसभा चुनावों के परिणाम घोषित होने के बाद इस प्रपोजल को स्वीकृति के लिए सरकार के पास भेजेगा। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने इसी साल फरवरी में एचटेट परीक्षा ली थी। मगर, उस समय गहरी धुंध के कारण कई परीक्षार्थी समय पर परीक्षा केंद्रों पर नहीं पहुंच पाए थे। वहीं मार्च और अप्रैल में शिक्षा बोर्ड द्वारा 10वीं और 12वीं की वार्षिक परीक्षाओं के कारण एचटेट परीक्षा नहीं करा सकता।
इसी प्रकार अक्टूबर में भी इन कक्षाओं की पहले सेमेस्टर की परीक्षाएं होती हैं। दूसरी ओर दिसंबर और जनवरी में भी धुंध और सर्दी के कारण एचटेट परीक्षा का सफल संचालन नहीं कराया जा सकता। इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए बोर्ड प्रशासन ने आगामी एचटेट परीक्षा इसी साल सितंबर के बीच में ही कराने का प्लान बनाया है।


Monday, February 17, 2014

अब HTET 2013-14 Result 20 फरवरी को घोषित किए जाने की संभावना

एक ओर जहां हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने एचटेट परीक्षा का परिणाम की घोषणा को दो दिन के लिए और टाल दिया है, वहीं फेसबुक पर परीक्षा परिणाम कुछ लोगों ने दर्शाना शुरू कर दिया है। बोर्ड सूत्रों के अनुसार 17 फरवरी को एचटेट का परीक्षा परिणाम घोषित होने की संभावना बताई गई थी। मगर बोर्ड ने कुछ तकनीकी दिक्कतों की वजह से इस परीक्षा परिणाम को घोषित नहीं किया। अब 20 फरवरी को एचटेट परीक्षा परिणाम घोषित किए जाने की संभावनाएं जताई जा रही है। इस बार एचटेट परीक्षा में प्रदेश भर से तीन लाख 82 हजार 679 परीक्षार्थी प्रविष्ट हुए थे। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डा. केसी भारद्वाज का कहना है कि एचटेट परीक्षा को लेकर अभी थोड़ा विलंब हो सकता है, क्योंकि इसकी प्रक्रिया अभी चल रही है।

Monday, January 27, 2014

2 फरवरी को एचटेट (HTET), दिल्ली में प्राइमरी टीचर परीक्षा

2 फरवरी को हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा व दिल्ली सबआर्डिनेट सर्विस सेलेक्शन बोर्ड की प्राइमरी टीचर परीक्षा होने से हजारों विद्यार्थी असमंजस में हैं। हैरत की बात यह कि निर्धारित तिथि के साथ ही परीक्षा का समय भी एक ही है। ऐसे में विद्यार्थियों ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड व दिल्ली बोर्ड से परीक्षा की तिथि बदलने की मांग की है। वहीं, शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन केसी भारद्वाज का कहना है कि किसी भी सूरत में परीक्षा की तिथि में बदलाव नहीं होगा। एचटेट परीक्षा सुबह साढ़े दस बजे से एक बजे तक है, वहीं दिल्ली बोर्ड की परीक्षा का समय सुबह साढ़े दस से साढ़े 12 बजे है। ऐसे में वे दोनों में से सिर्फ एक ही परीक्षा दे पाएंगे। हजारों परीक्षार्थी हैं जो इस दुविधा का शिकार हैं। उनके करियर के लिए दोनों ही परीक्षाएं काफी महत्वपूर्ण हैं। अगर बोर्ड ने परीक्षा की तिथि में बदलाव नहीं किया तो उन्हें किसी एक परीक्षा से वंचित रहना पड़ सकता है। बोर्ड को चाहिए कि विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए परीक्षाओं की तिथि बदले।

Sunday, December 15, 2013

एचटेट (HTET) ऑनलाइन फॉर्म भरने की प्रक्रिया आज से

आगामी एक व दो फरवरी को आयोजित होने वाले हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा एचटेट की परीक्षा के लिए फॉर्म भरने की प्रक्रिया 16 दिसंबर से शुरु हो जाएगी। इस बार आवेदकों को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी की वेबसाइट से ऑनलाइन ही फॉर्म भरने होंगे। 27 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन भरने के बाद 30 दिसंबर तक बैंकों में फीस और कन्फर्मेशन किया जा सकेगा। बोर्ड की ओर से जारी कार्यक्रम अनुसार इस बार बोर्ड की ओर से एडमिट कार्ड डाक से नहीं भेजा जाएगा। परीक्षार्थियों को ऑनलाइन ही डाउनलोड करना पड़ेगा। 20 जनवरी से वे अपने रोलनंबर व एडमिट कार्ड निकाल सकेंगे।
तीन लेवल में होने हैं परीक्षा: लेवल एक में पहली से पांचवीं प्राथमिक शिक्षक, लेवल टू छठी से आठवीं टीजीटी तथा लेवल तीन में लेक्चरर पीजीटी की परीक्षा होनी है।
पीजीटी व टीजीटी में जुड़े कई विषय: इस बार परीक्षा में पीजीटी में फाइन आर्ट, म्यूजिक व कंप्यूटर साइंस तथा टीजीटी में आर्ट व म्यूजिक के विषय शामिल किए गए हैं। इससे परीक्षार्थियों की संख्या बढऩे की उम्मीद है।

Friday, December 13, 2013

हरियाणा पात्रता परीक्षा (HTET-2013) ऑनलाइन फॉर्म 16 दिसंबर से 27 दिसंबर तक

चालान फॉर्म भरते ही मोबाइल पर मिलेगा कन्फर्मेशन का एसएमएस 

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी की ओर से हरियाणा पात्रता परीक्षा (एचटेट) का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। 16 दिसंबर से ऑनलाइन फॉर्म प्रक्रिया शुरू होने के साथ इस बार परीक्षार्थियों को आवेदन के लिए ज्यादा समय नहीं मिल पाएगा। उम्मीदवारों को 27 दिसंबर तक ही फॉर्म भरे जा सकेंगे। ऑनलाइन फॉर्म भरने के कारण उन्हें ज्यादा भागदौड़ करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। बोर्ड ने अभ्यर्थियों को उनके फॉर्म जमा होने की सूचना भी एसएमएस के माध्यम से तुरंत देने की व्यवस्था की है।

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड अब हाईटेक हो गया है। पिछली बार की तुलना में इस बार उम्मीदवारों के लिए विशेष राहत प्रदान कर रहा है। इसके तहत आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के साथ ही परीक्षार्थियों को मोबाइल पर एसएमएस आ जाएगा कि आपका फॉर्म असेट हो गया है। एडमिट कार्ड और परीक्षा केंद्र से संबंधित सभी जानकारी एसएमएस के माध्यम से पूर्व सूचना मिल जाएगी। 
"परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। परीक्षार्थियों के फॉर्म और चालान भरे जाने के बाद उनको एसएमएस से यह सूचित कर दिया जाएगा।"
 -महेंद्रपाल, संयुक्त सचिव, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी 

हरियाणा प्रदेश में 20 हजार शिक्षकों की भर्ती का रास्ता साफ

प्रदेश में 20 हजार से ज्यादा शिक्षकों की भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने शुक्रवार को इन भर्तियों के नतीजे घोषित करने पर लगी रोक हटा दी। हरियाणा स्कूल टीचर्स सिलेक्शन बोर्ड के गठन को खारिज करने की मांग को लेकर एक याचिका लगाई गई थी। इसे हाईकोर्ट ने रद्द कर दिया। चीफ जस्टिस संजय किशन कौल व जस्टिस एजी मसीह की खंडपीठ ने कहा कि जनहित याचिका में निजी हित जुड़े हैं। खंडपीठ ने याचिका लगाने वाले विजय बंसल पर 25 हजार का जुर्माना भी लगाया।
बेंच ने अपने 42 पेज के फैसले में कहा कि विजय बंसल ने राजनीतिक लाभ के लिए ज्युडीशियल फोरम का सहारा लिया। इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता। बंसल ने सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी छोड़ी और वर्ष 2009 में बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा। 2011 में उसने इनेलो का दामन थाम लिया। बंसल के बयान और तस्वीरें जाहिर करती हैं कि वे याचिका के जरिए राजनीतिक स्वार्थ साधने का प्रयास कर रहे थे। कोर्ट ने कहा कि चेयरमैन व सदस्यों की रिटायरमेंट आयु बढ़ाना, सरकार का पॉलिसी मैटर है। इसमें अदालत का दखल जरूरी नहीं।

Wednesday, December 4, 2013

हरियाणा अध्यापक पात्रता (HTET) परीक्षा तिथि 1 व 2 फरवरी को फाइनल

शिक्षा विभाग ने हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा की तिथि 1 व 2 फरवरी को फाइनल कर दिया है। वहीं आवेदन में पांच प्रतिशत की छूट का लाभ लेने वाले प्रदेश के एससी, एसटी, विकलांग उम्मीदवारों को छूट में ढाई प्रतिशत का जोर का झटका धीरे से लगा दिया गया है। नए नियम के अनुसार अब छूट लेने वाले विशेष वर्ग के 45 प्रतिशत अंक लेकर पास होने वाले उम्मीदवार एचटेट में आवेदन नहीं कर सकेंगे। नए नियम के मुताबिक 47.50 प्रतिशत से अधिक अंकों वाले उम्मीदवारों को ही एचटेट के लिए आवेदन करने के योग्य माना जाएगा। वहीं पीजीटी कैटेगरी में फाइन आर्ट, म्यूजिक व कंप्यूटरसाइंस और टीजीटी में आर्ट व म्यूजिक विषय को भी शामिल कर लिया गया है।

Friday, November 29, 2013

एक और दो फरवरी को होगी एचटेट

हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) की बाट जोह रहे लाखों युवाओं के लिए अच्छी खबर है।
स्कूल शिक्षा बोर्ड ने अगले साल एक व दो फरवरी को एचटेट लेने की तैयारी कर ली है।

स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. अंशज के अनुसार, बोर्ड ने मंजूरी के लिए फाइल चंडीगढ़ शिक्षा निदेशालय भेज दी है। सरकार से मंजूरी मिलते ही सूचना जारी कर ऑनलाइन आवेदन मांग लिए जाएंगे।

Thursday, October 24, 2013

हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) फरवरी 2014 के प्रथम सप्ताह में

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड प्रशासन ने हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के आयोजन के लिए फरवरी माह के प्रथम सप्ताह में शनिवार व रविवार को संभावित तिथि में शामिल कर रिपोर्ट शिक्षा विभाग को भेज दी है। इसके बाद जनवरी 2014 में एचटेट के आयोजन के तमाम कयास समाप्त हो गए हैं। सूत्र बताते हैं कि बोर्ड प्रशासन ने जनवरी माह में एचटेट के आयोजन करने से इसलिए इंकार कर दिया है, क्योंकि इस माह के दौरान पूरे उत्तरी भारत में धुंध रहती है। मार्च माह में वार्षिक परीक्षाएं शुरू हो जाती हैं। इसलिए फरवरी 2014 के प्रथम सप्ताह के शनिवार व रविवार को एचटेट के आयोजन के लिए सबसे उचित मानते हुए रिपोर्ट शिक्षा विभाग को भेजी जा चुकी है।  फरवरी के प्रथम सप्ताह के शनिवार व रविवार को एचटेट आयोजन से संबंधित फाइल शिक्षा विभाग के पास भेजी जा चुकी है।