Showing posts with label STET. Show all posts
Showing posts with label STET. Show all posts

Monday, August 3, 2015

एचटेट में गड़बड़ी, शिक्षा बोर्ड पर 1 लाख जुर्माना

पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने हरियाणा में 2010 में जारी विज्ञापन के तहत जेबीटी भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अध्यापक पात्रता टेस्ट (एचटेट) में फर्जी उम्मीदवारों पर एफआईआर दर्ज करने का आदेश जारी करते हुए याचिका का निपटारा कर दिया है। एचटेट में गड़बड़ी पर हाईकोर्ट ने हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड पर एक लाख रुपये जुर्माना लगाते हुए कहा है कि वह पारदर्शी परीक्षा कराने में विफल रहा है।
सरकार ने पहले 776 परीक्षार्थियों की पहचान फर्जी उम्मीदवारों के तौर पर की थी। हाईकोर्ट ने इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का निर्देश देते हुए मुकम्मल रिपोर्ट तलब की थी।

Tuesday, January 27, 2015

अध्यापक पात्रता परीक्षा में धांधली पर मामले की अगली सुनवाई 19 फरवरी को

निलंबित नहीं, दोषी टीचरों को बर्खास्त करो : हाईकोर्ट
अध्यापक पात्रता परीक्षा (स्टेट) में धांधली का मामला
2011 में शिक्षकों के 8285 पदों पर हुई थी भर्ती

मामले की अगली सुनवाई 19 फरवरी को होगी

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने अध्यापक पात्रता परीक्षा (स्टेट) परीक्षा में धांधली के मामले में कड़ा रवैया अपनाते हुए शिक्षा विभाग को निर्देश दिया कि सभी टीचरों की जांच करो। अगर किसी ने नौकरी छोड़ भी दी हो और वह फर्जीवाड़े का दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई करो। केवल निलंबन करने से काम नहीं चलेगा, ऐसे टीचरों को बर्खास्त किया जाना चाहिए।
बेंच ने शिक्षा विभाग द्वारा इस मामले में की जा रही कार्रवाई पर असंतोष जताते हुए डायरेक्टर एलीमेंटरी एजुकेशन को कड़ी फटकार भी लगाई। साथ ही हर सुनवाई पर पेश किए गए हलफनामे में दी गई संख्या पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अगली सुनवाई पर सही तथ्यों व संख्या की जानकारी दी जाए। मंगलवार को बेंच को निदेशक ने बताया कि तीन टीचर ऐसे हैं जो कार्यरत हैं लेकिन जांच के लिए पेश नहीं हो रहे। इस पर बेंच ने निदेशक को फटकार लगाते हुए कहा कि आप इन टीचर पर कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे। निदेशक ने बेंच को बताया कि विभाग इन टीचरों को निलंबित करने जा रहा है। इस पर जस्टिस राजेश बिंदल ने कहा कि निलंबित कर उनको आधा वेतन देकर क्यों विभाग पर बोझ डाल रहे हैं। जो टीचर साफ तौर पर दोषी पाए गए हैं उनको बर्खास्त क्यों नहीं किया जा रहा।

Friday, March 8, 2013

स्कूल टीचर योग्यता परीक्षा (एसटेट) सर्टिफिकेट 2016 तक रहेंगे वैध

वर्ष 2008 व 2009 में हुई स्कूल टीचर योग्यता परीक्षा (एसटेट) के सर्टिफिकेट की वैधता वर्ष 2016 तक बनी रहेगी। वर्ष 2011 में हुई एचटेट परीक्षा के प्रॉस्पेक्टस के पेज नंबर 10 पर यह सूचना दी हुई है।
 पिछले 15 दिनों से प्रदेशभर के 2008 व 2009 में एसटेट पास उम्मीदवारों की धड़कने बढ़ी हुई थी, जिसका मुख्य कारण एसटेट सर्टिफिकेट की वैधता 2013 में खत्म होने को लेकर था। किसी तरह यह बात उम्मीदवारों तक पहुंचाई गई कि 2008 व 2009 में हुए एसटेट परीक्षा की वैधता वर्ष 2013 में खत्म हो रही है, लेकिन ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। इससे उन पर दोबारा परीक्षा दिए जाने का बोझ बढ़ता जा रहा था। लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं है। 2008 व 2009 में हुई एसटेट के सर्टिफिकेट की वैद्यता 2016 तक जारी रहेगा, ऐसा 2011 में हुई एचटेट के प्रॉस्पेक्टस के पेज नंबर 10 पर लिखा हुआ है। यहां स्पष्ट किया गया है कि एसटेट व एचटेट सर्टिफिकेट की वैधता 2016 में खत्म होगी। इसमें 2008 व 2009 में हुई एसटेट परीक्षा पास उम्मीदवारों के सर्टिफिकेट शामिल होंगे।

Thursday, November 29, 2012

फर्जी शिक्षकों की जांच के लिए 'स्टेट' का खोला गया रिकार्ड

जेबीटी भर्ती में हुई गड़बड़ी और फर्जी तरीके से पात्रता परीक्षा पास कर जेबीटी शिक्षक लगने वालों की जांच के लिए बृहस्पतिवार को शिक्षा बोर्ड में रिकार्ड की सील तोड़ी गई।
 इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त सुजान सिंह, सीटीएम गौरव कुमार, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड संयुक्त सचिव महेन्द्र पाल, उप सचिव जय भगवान, केएल मल्हौत्रा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सतबीर सिंह, उप जिला शिक्षा अधिकारी बलदेव राज, याचिका करता के वकील जसवीर मोर, याचिका कर्ता दिनेश कुमार, अजित सिंह उपस्थित थे। इनकी मौजूदगी में रिकार्ड की सील को तोड़ा गया। करीब डेढ़ वर्ष पहले हाईकोर्ट के निर्देश पर बोर्ड ने रिकार्ड को सील कर उपायुक्त की निगरानी में पंचायत भवन में रखवाया था। मामले की जांच को मौलिक शिक्षा अधिकारी को सौंपी गई थी।
 सील टूटने के बाद अब कोर्ट के निर्देश पर जेबीटी में चयनित 8400 व वेटिंग लिस्ट में चल रहे करीब 306 उम्मीदवारों के रिकार्ड की जांच की जाएगी।

Wednesday, August 10, 2011

शिक्षा विभाग ने कब्जे में लिया स्टैट (STET) का रिकार्ड

       हाईकोर्ट के आदेश पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने वर्ष 2008 और 2009 में हुई अध्यापक पात्रता परीक्षा (स्टैट) के रिकार्ड को अपने कब्जे में ले लिया। परीक्षा में भारी गड़बड़ियों की शिकायत मिलने के बाद हाईकोर्ट ने यह आदेश दिया था। रिकार्ड को मधुबन ले जाया जाएगा, जहां परीक्षार्थियों के अंगूठों के छाप की जांच की जाएगी।

पंचकूला से शिक्षा विभाग व मधुबन से फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम यहां पंचायत भवन पहुंची। टीम ने सबसे पहले जिस कमरे में पात्रता परीक्षा का रिकार्ड रखा हुआ था, उसके मुख्य गेट की सील जांची। इसके बाद टीम ने सील रिकार्ड को अपने कब्जे में ले लिया। 

Wednesday, July 27, 2011

हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा 24 व 25 सितंबर को, आवेदन पत्र 2 अगस्त से

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की तरफ से हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा 24 और 25 सितंबर को करवाई जाएगी।24 सितंबर को पात्रता परीक्षा दो वर्गों में संचालित की जाएगी। इसके अंतर्गत पहले वर्ग में पहली से पांचवीं कक्षा और दूसरे वर्ग में छठी से आठवीं कक्षा तक के शिक्षकों की परीक्षा होगी। प्रवक्ता(लेक्चरर) वर्ग की पात्रता परीक्षा 25 सितंबर को होगी। पात्रता परीक्षा के लिए आवेदन पत्र 2 अगस्त से शिक्षा बोर्ड भिवानी स्थित मुख्यालय, बोर्ड से रजिस्टर्ड पुस्तक विक्रेताओं और प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर स्थित जिला समन्वय केंद्रों पर उपलब्ध होंगे। आवेदन पत्र 12 अगस्त शाम पांच बजे तक संबंधित जिला समन्वय केंद्र पर जमा करवाए जा सकेंगे।
नवीनतम निर्णयों के अनुसार परीक्षा का अवधि डेढ़ घंटा निर्धारित की गई है। प्रश्नपत्र में एक एक अंक के 150 बहुविकल्पिय (मल्टीपल च्वाइस) प्रश्न होंगे। परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी। आवेदन पत्र सामान्य वर्ग के परीक्षार्थी के लिए 600 रुपए और अनुसूचित जाति व शारीरिक रूप से अक्षम(विकलांग) परीक्षार्थी के लिए 300 रुपए में उपलब्ध होंगे।

Sunday, July 24, 2011

हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (स्टैट) का शेड्यूल अगले महीने होगा जारी

राज्य में अध्यापक पात्रता परीक्षा (स्टैट) का शेड्यूल भी अगस्त महीने में जारी हो जाएगा। यह बात प्रदेश की शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री गीता भुक्कल ने रविवार को झज्जर में अपने निवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नेे प्रदेश में सटेट की जो शुरुआत की थी उसका प्रभाव पूरे देश में देखने को मिल रहा है और अब पूरे देश में सटेट को जरूरी कर दिया गया है।

हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (HTET) सितंबर में

   सरकारी नौकरी पाने के लिए राज्य अध्यापक पात्रता परीक्षा (एसटीईटी) की बाट जोह रहे बेरोजगारों के लिए खुशखबरी है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की बैठक में 24 और 25 सितंबर को यह परीक्षा आयोजित करवाने का फैसला लिया गया है। हालांकि फैसले पर अंतिम मुहर अभी नहीं लगी है। बोर्ड के आधिकारिक सूत्र बताते हैं कि इस फैसले पर आजकल में बोर्ड की मुहर लग जाएगी। इसके लिए अगस्त के प्रथम सप्ताह से प्रोस्पेक्टस उपलब्ध होंगे।
   बोर्ड से मिली जानकारी के अनुसार सरकार की ओर से बोर्ड को अध्यापक पात्रता परीक्षा आयोजित करवाने के लिए मंजूरी मिल चुकी है। परीक्षा के संचालन के लिए बोर्ड के अधिकारियों की बैठक बुलाई गई और फैसले को अंतिम रूप दे दिया गया। 24 सितंबर को जेबीटी और 25 को बीएड व जूनियर लेक्चरर के लिए पात्रता परीक्षा होगी। अध्यापक पात्रता परीक्षा के लिए ‘प्रोस्पेक्टस’ छपवाने के लिए दिए गए हैं। अगस्त के प्रथम सप्ताह में ये आवेदकों के लिए उपलब्ध होंगे।

Tuesday, June 28, 2011

राज्य शिक्षक पात्रता परीक्षा (स्टेट) 15 अगस्त के बाद

         हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड अब राज्य शिक्षक पात्रता परीक्षा (स्टेट) 15 अगस्त के बाद ही आयोजित करेगा। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में सेकेंडरी एजूकेशन विभाग की वित्तायुक्त एवं प्रधान सचिव ने गेस्ट टीचरों के मामले की सुनवाई के दौरान शपथ पत्र दिया था कि जून में राज्य शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित कर ली जाएगी और जुलाई में परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। शपथ पत्र में दिए शेडूल में परिवर्तन करना पड़ा, इसलिए हाईकोर्ट में नया शपथ पत्र दायर किया जाएगा।
देरी का कारण आरटीई रूल्स के अधिसूचित होने में काफी समय लगना और शिक्षकों की योग्यता में राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद के हरियाणा के शिक्षकों के लिए योग्यता एक जैसी करने में समय लगना है। इनमें बदलाव करने के लिए मंत्रिमंडल की मंजूरी जरूरी थी। मंत्रिमंडल से मंजूरी करने के बाद अब पात्रता परीक्षा के लिए कार्रवाई शुरू हुई है।

Thursday, May 26, 2011

हरियाणा - एचटीईटी (HTET) परीक्षा जुलाई माह के दूसरे सप्ताह में

     हरियाणा टीचर इलिजिबिल्टी टेस्ट (एचटीईटी) जुलाई के दूसरे सप्ताह में कराया जा सकता है।  संभवत: 15 जून से इस परीक्षा के लिए आवेदन की बिक्री शुरू कर दी जाएगी।
      शिक्षा की गुणवत्ता को सुधारने के लिए प्रदेश सरकार ने स्कूलों में गुणवत्ता वाले शिक्षकों को लगाने का निर्णय चार वर्ष पहले लिया था, जिसके लिए डीएड, बीएड व एमएड करने वालों के लिए स्टेट इलिजबिल्टी टेस्ट (स्टेट) पास करने की अनिवार्यता कर दी थी, लेकिन नेशनल काउंसिल फॉर टीचर एजुकेशन (एनसीटीई) की गाइड लाइन के आधार पर अब इस टेस्ट का नाम बदलकर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने हरियाणा टीचर इलिजिबिल्टी टेस्ट (एचटीईटी) कर दिया। इसकी परीक्षा 10 जुलाई को कराने की संभावित तिथि बोर्ड अधिकारियों की ओर से तैयार की गई है।

Monday, May 23, 2011

शिक्षक पात्रता परीक्षा का रास्ता साफ, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड जल्द लेगा परीक्षा

      हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित की जाने वाली राज्य शिक्षक पात्रता परीक्षा (स्टेट) का रास्ता साफ हो गया है। इसके लिए जल्दी ही प्रास्पेक्टस मिलने शुरू हो जाएंगे। हाईकोर्ट में हरियाणा सरकार ने स्टेट आयोजित करने का जो शेडूल दिया था, उसके अनुसार जून में स्टेट आयोजित होना था। सरकार को अब हाईकोर्ट में रिशेडूल की जानकारी देनी होगी।
          हरियाणा सरकार पहले भी स्टेट आयोजित करती रही है, लेकिन इस बार राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद ने जो नार्म्स भेजे, हरियाणा शिक्षा विभाग को उसके अनुसार नार्म्स बनाने थे। मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने ये नार्म्स एकसमान करने की मंजूरी दे दी है। इसके बाद स्टेट आयोजित करना आसान हो गया है।
हरियाणा सेकेंडरी एजूकेशन विभाग की वित्तायुक्त एवं प्रधान सचिव सुरीना राजन ने बताया कि चूंकि नार्म्स बदलने की मंजूरी मिल गई है, इसलिए विद्यालय शिक्षा बोर्ड अगले एक पखवाड़े के दौरान स्टेट आयोजित करने के लिए प्रास्पेक्टस जारी कर देगा।

Thursday, April 28, 2011

हरियाणा में 20 हजार टीचर भरती होंगे

             हरियाणा के सरकारी स्कूलों में अगले आठ महीने के दौरान करीब 20 हजार नियमित टीचर भरती किए जाएंगे। भरती प्रक्रिया 31 दिसंबर तक पूरी कर ली जाएगी। तीन महीने टे्रनिंग करवाकर एक अप्रैल 2012 से ये टीचर स्कूलों में चले जाएंगे।
हरियाणा में इस समय 15405 गेस्ट (कांटै्रक्ट) टीचर हैं। इनमें से 10152 टीचर योग्यता पूरी करते हैं। ये टीचर जब गेस्ट के तौर पर रखे गए थे, तब राज्य शिक्षक पात्रता परीक्षा (स्टेट) नहीं रखी गई थी। इसलिए ये संबंधित पोस्ट की योग्यता पूरी करते हैं। इसके बाद स्टेट लागू कर दिया तो उसके बाद 5253 गेस्ट टीचर ऐसे हैं जो योग्यता पूरी नहीं करते हैं। इनमें अधिकतर जेबीटी टीचर हैं, जो बीए बीएड तो हैं, लेकिन उनके पास डिप्लोमा इन एजूकेशन (डीएड) नहीं है। सभी 15405 गेस्ट टीचर के अलावा शिक्षा विभाग को 4421 टीचर की जरूरत है।
 

Thursday, April 14, 2011

स्टेट पास अध्यापकों को देना होगा दोबारा टेस्ट!



राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद ने भेजी अधिसूचना

150 नंबरों का टेस्ट होगा, न्यूनतम पास अंक 60

नेगेटिव मार्किँग नहीं होगी 

कानूनी सलाह लेंगे निदेशक, सेकेंडरी एजूकेशन (हरियाणा)  
       हरियाणा में अब पहली से पांचवीं कक्षा तक पढ़ाने वाले टीचरों को शिक्षक योग्यता परीक्षा (टीईटी) दोबारा देनी पड़ सकती है क्योंकि राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद ने सभी राज्यों को जो अधिसूचना भेजी है, उसके सिलेबस के अनुसार हरियाणा के राज्य शिक्षक पात्रता टेस्ट नहीं हुए हैं। अब पहली से पांचवीं कक्षा तक पढ़ाने वाले टीचरों का एक टेस्ट होगा और छठी से आठवीं कक्षा तक पढ़ाने वाले टीचरों का दूसरा टेस्ट होगा। डेढ़ घंटे के इस टेस्ट के 150 अंकों में से पास होने के लिए न्यूनतम 60 अंक लेना जरूरी है।
      राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद ने हरियाणा को भेजी अधिसूचना  के अनुसार सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों में वही व्यक्ति टीचर लग सकेगा, जिसने राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद या संबंधित राज्य सरकार द्वारा संचालित शिक्षक पात्रता टेस्ट पास किया होगा। इसके लिए जो टीचर पहली से पांचवीं तक पढ़ाना चाहता है, उसे एक टेस्ट देना होगा अगर कोई छठी से आठवीं तक पढ़ाना चाहता है तो उसे दूसरा टेस्ट देना होगा।

Thursday, March 31, 2011

हरियाणा - शिक्षक पात्रता परीक्षा जुलाईमें !

शिक्षा बोर्ड की बैठक में अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
साल भर में एक बार होनी तय हुई थी पात्रता परीक्षा
पिछले साल नहीं कराया गया परीक्षा का आयोजन
इस साल भी था संशय कि परीक्षा होगी या नहीं   


      शुरुआत से ही सवालों के घेरे में रही अध्यापक पात्रता परीक्षा के आयोजन की तैयारी शुरू हो गई है। परीक्षा आयोजन की तैयारियों को लेकर शिक्षा बोर्ड सक्रिय हो गया है। बोर्ड सूत्रों की माने तो अध्यापक पात्रता परीक्षा जुलाई में होगी। तीन दिन पूर्व बोर्ड अधिकारियों की अहम बैठक में बोर्ड के विभिन्न विभागों को इस परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिम्मेदारी सौंपी गई है।