Friday, March 29, 2013

सीटीईटी(CTET) आवेदन फॉर्म में 16-27 जून तक कर सकते हैं सुधार

केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित किए जा रहे सीटीईटी(सेंट्रल टीचर ऐलिजिबेलिटी टेस्ट) के फॉर्म में कोई गलत जानकारी दे दी है तो उम्मीदवार सुधार कर सकते हैं। सीबीएसई जल्द ही सीटीईटी में सुधार का अवसर प्रदान करने जा रहा है। सुधार के अवसर के लिए पहले उम्मीदवारों की प्रोविजनल जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएगी। जिसमें वह सभी जानकारी होगी जो उम्मीदवारों ने अपने आवेदन फॉर्म में भरी होगी। अब अगर इस जानकारी में कोई गलती पाते हैं तो वह ऑनलाइन ही सुधार कर सकते हैं।
सीटीईटी के लिए अभी आवेदन प्रक्रिया जारी है। आवेदन प्रक्रिया के बाद 15 जून से वेबसाइट पर ऐप्लिकेशन का स्टेटस उपलब्ध कराया जाएगा। यदि वेबसाइट पर यह स्टेटस ना आए तो 16 जून को सीबीएसई से संपर्क करना होगा। उसके बाद 16 जून से ही ऑनलाइन सुधार करने की सुविधा उम्मीदवारों को दी जाएगी जो कि 27 जून तक उम्मीदवारों को प्राप्त होगा। अक्सर ऑनलाइन जानकारी भरने में उम्मीदवार गलती कर देते हैं लिहाजा बोर्ड नहीं चाहता कि किसी गलती के कारण उम्मीदवार फॉर्म भरने से चूकें। ऑनलाइन सुधार करने के बाद सुधार करने की कोई गुजाइंश नहीं होगी। उसके बाद 3 जुलाई से उम्मीदवार अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। सीबीएसई का मानना है कि सुविधा के लिए वेबसाइट पर भी संबंधित जानकारी दी जाएगी।

यूपीएससी सिविल सेवा मुख्य परीक्षा दिसंबर में होगी

यूपीएससी की इस साल सिविल सेवा मुख्य परीक्षा नवंबर या दिसंबर में होगी। इसके लिए आवेदन अगस्त या सितंबर में मांगे जाएंगे। प्रारंभिक परीक्षा 26 मई 2013 को होने जा रही है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन करने की आखिरी तारीख चार अप्रैल है।यूपीएससी परीक्षा में अंग्रेजी की अनिवार्यता खत्म कर दी गई है।

जेईई केंद्रीय संस्था को देने के लिए मीटिंग अगले हफ्ते

जेईई, एआईईईई, नेट, कैट, सीमैट, गेट आदि की परीक्षाओं की जिम्मेदारी किसी एक केंद्रीय संस्था को देने के लिए अगले हफ्ते सभी राज्यों की एक बैठक होने वाली है। नेशनल एजेंसी फॉर टेस्टिंग राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाएं आयोजित कराएगी। इसके जरिए छात्र को एक परीक्षा के लिए साल में एक से ज्यादा बार बैठने दिया जाए, इस पर भी चर्चा होगी।

Thursday, March 28, 2013

हरियाणा शिक्षा बोर्ड से 30-31 को भी ले सकेंगे रोल नंबर

ओपन स्कूल की दो अप्रैल से शुरू हो रही सेकंडरी व सीनियर सेकंडरी (फ्रैश व रिअपीयर) परीक्षाओं के चलते 30 व 31 मार्च को शनिवार-रविवार की छुट्टी के बावजूद छात्रों की सुविधा के लिए शिक्षा बोर्ड कार्यालय खुला रहेगा। यदि किसी परीक्षार्थी को 29 मार्च तक रोलनंबर नहीं मिलता तो वह बोर्ड की साइट से 29 मार्च के बाद रोलनंबर का प्रिंट आउट निकलवाकर उसे परीक्षा में बतौर एडमिट कार्ड प्रयोग कर सकते हैं।

    जिन परीक्षार्थियों के प्रलेख वांछित व फीस बकाया है, उनके रोलनंबर रोके गए हैं। ऐसे छात्र बकाया फीस व्यक्तिगत रूप से बोर्ड दफ्तर में जमा करवाकर रोलनंबर ले सकते हैं। इसके लिए बोर्ड कार्यालय 30 व 31 मार्च को अवकाश के दिनों में खुला रहेगा। एक से दो अप्रैल तक दफ्तर शाम 8 बजे तक खुला रहेगा।

सदस्यों की नियुक्ति पर हरियाणा सरकार ने नहीं रखा पक्ष

कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) के चेयरमैन और तीन सदस्यों की नियुक्ति को खारिज करने की मांग पर हरियाणा सरकार ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में अपना पक्ष नहीं रखा। सरकार के जवाब के लिए समय मांगने पर कोर्ट ने सुनवाई 21 मई तय कर दी।

हिसार के वीकेंद्र मलिक व विक्टर रॉबिंसन ने अपनी याचिका में 21 व 3 1अक्टूबर 2011 की उन अधिसूचनाओं को खारिज करने की मांग की जिसमें विजय कुमार को आयोग का चेयरमैन और विनय शर्मा, अशोक जैन व राम सरन भोला को सदस्य नियुक्त किया गया था। याचिका में आरटीआई के तहत जानकारी का हवाला देते हुए कहा गया कि इन नियुक्तियों के लिए कोई आवेदन नहीं मांगे गए और न कोई मेरिट तैयार की गई। सरकार ने मनमर्जी से नियुक्तियां कर दीं। याचिका में मांग की गई कि चेयरमैन व सदस्यों की नियुक्ति हाई लेवल सिलेक्शन कमेटी के जरिए नए सिरे से की जाए। कोर्ट ने इस याचिका पर प्राथमिक सुनवाई के बाद प्रदेश सरकार से जवाब मांगा था जिस पर सरकार ने गुरुवार को समय की मांग की।

Tuesday, March 26, 2013

एचटेट अब 1 व 2 जून को

अध्यापक पात्रता परीक्षा के लिए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने एक बार फिर से नई तिथि निर्धारित कर दी है। इसके साथ ही यह भी तय कर दिया है कि हर साल जून माह के प्रथम सप्ताह के शनिवार व रविवार को एचटेट का आयोजन किया जाएगा।
 सूत्र बताते हैं कि शिक्षा बोर्ड के अधिकारियों की चंडीगढ़ में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी और इसमें एचटेट के आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। बोर्ड प्रशासन ने तय किया है कि हर साल जून माह के प्रथम सप्ताह के शनिवार व रविवार को एचटेट आयोजित किया जाए, ताकि किसी भी अन्य बोर्ड या विभाग की परीक्षा के साथ तिथियों को लेकर कोई टकराव या संशय न पैदा हो। इस बार जून के पहले सप्ताह में शनिवार और रविवार 1 व 2 तारीख पड़ती है। गौरतलब है कि शिक्षा बोर्ड प्रशासन ने इससे पूर्व 27 व 28 अप्रैल तिथि निर्धारित की थी। लेकिन एसबीआई की रिकर्यूटमेंट परीक्षा पहले से 28 अप्रैल को निर्धारित की हुई थी। बैंक अधिकारियों ने अपनी परीक्षा में बदलाव करने से साफ मना कर दिया था और शिक्षा बोर्ड प्रशासन को पत्र प्रेषित कर दिया था। परीक्षा तिथि को लेकर बैंक व शिक्षा बोर्ड के अधिकारियों के बीच काफी गहनता पूर्वक विचार विमर्श किया गया और बाद में शिक्षा बोर्ड ने एचटेट स्थगित कर दिया। वर्तमान में शिक्षा बोर्ड अधिकारियों ने एचटेट को लेकर नए सिरे से विचार विमर्श शुरू किया, ताकि इसके आयोजन में आने वाली बाधाओं को दूर किया जा सके। तमाम विचार विमर्श के बाद शिक्षा बोर्ड की चेयरपर्सन सुरीना राजन ने फैसला किया है कि हर साल जून माह के प्रथम सप्ताह में शनिवार व रविवार को एचटेट आयोजित किया जाए। इस बारे में शिक्षा बोर्ड की चेयरपर्सन सुरीना राजन ने पुष्टि की है।

Monday, March 25, 2013

यूजीसी नेट के परिणाम घोषित

यूजीसी ने दिसंबर 2012 में हुई नेट परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए। परीक्षा में 7.8 लाख लोग बैठे थे। 39 हजार 226 लोग व्याख्याता पद के लिए पास हुए। 3,369 लोगों को जूनियर रिसर्च फैलोशिप के लिए योग्य करार दिया गया है। रिजल्ट यूजीसी की वेबसाइट पर उपलब्ध है।