Friday, September 26, 2014

7036 पीजीटी आवेदनकर्ताओं के लिए यह खुशखबरी

7036 पीजीटी ऑनलाइन आवेदनकर्ताओं के लिए यह खुशखबरी है कि वह पुन: एक बार और आवेदन कर सकेंगे। उनके दोबारा ऑनलाइन आवेदन करने का रास्ता साफ हो गया है। इसके लिए हरियाणा स्कूल अध्यापक भर्ती बोर्ड के चेयरमैन द्वारा दोबारा शुद्घि पत्र (कोरिजेंडम)निकाला जाएगा। शुद्धि पत्र निकलवाने के लिए स्कूल अध्यापक भर्ती बोर्ड के चेयरमैन ने शुक्रवार को डायरेक्टर सेकेंडरी एजूकेशन हरियाणा को पत्र भी लिख दिया है।
कोड आॅफ कंडक्ट लागू होने की वजह से दोबारा शुद्धि पत्र प्रकाशित होने का मामला इलेक्शन कमीशन के पाले में है। लिहाजा मामले में सरकार के पहल की भी जरूरत पड़ेगी। इसके बाद ही इलेक्शन कमीशन की अनुमति मिलेगी।
इलेक्शन कमीशन से अनुमति मिलने के बाद डायरेक्टर सेकेंडरी एजूकेशन ही गाइड लाइन तय करते हुए शुद्धि पत्र तैयार कराकर हरियाणा स्कूल अध्यापक भर्ती बोर्ड काे भेजेगा। इसके प्रकाशन का जिम्मा बोर्ड के ऊपर होगा। इधर भास्कर से हुई बातचीत में एडिशनल डायरेक्टर सेकेंडरी एजूकेशन ने भी कह दिया है कि पत्र मिलते ही वह उसके आगे की कार्रवाई करेंगे।

Wednesday, September 3, 2014

अतिथि अध्यापकों को नहीं दिख रही उम्मीद की किरण

विधानसभा चुनाव से पहले पक्का होने की आस लगाए बैठे गेस्ट टीचर्स को एक और जोर का झटका लगा है। प्रदेश सरकार के बाद मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने भी अतिथि अध्यापकों को नियमित करने के लिए हाथ खड़े कर दिए हैं। मुख्यमंत्री ने गेस्ट टीचर्स को तीन वर्षीय नियमितीकरण नीति के तहत पक्का न कर पाने के पीछे कानूनी अड़चनों का हवाला दिया है। प्रदेश के गेस्ट टीचर्स सर्व कर्मचारी संघ के नेताओं के साथ मुख्यमंत्री से सोमवार को वार्ता करने पहुंचे थे। संघ नेताओं ने मुख्यमंत्री से इसी कार्यकाल में आचार संहिता लगने से पहले गेस्ट टीचर्स का भी भला करने की गुहार लगाई। मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने संघ के महासचिव सुभाष लांबा व वजीर सिंह को बताया कि कांग्रेस कार्यकाल में ही गेस्ट टीचर्स पर सबसे अधिक मेहरबानी हुई है। इनका वेतन समय-समय पर बढ़ाया गया है। जो गेस्ट टीचर्स तीन वर्षीय नियमितीकरण नीति की शर्तो को पूरा करते थे, उन्हें कॉलेज कैडर व आइटीआइ में पक्का कर दिया गया है। स्कूलों में कार्यरत गेस्ट टीचर्स इस नीति के तहत नहीं आते हैं। उन्होंने संघ के नेताओं को आश्वासन दिया कि बावजूद इसके वह तीन वर्षीय नीति का अध्ययन कराएंगे। अगर गेस्ट टीचर्स इसके तहत आते होंगे तो प्रदेश के महा अधिवक्ता व कानूनी सलाहकार से राय के लेकर उन्हें पक्का करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

Tuesday, July 15, 2014

सीटीईटी (CTET) के लिए आवेदन करना महंगा

सेंट्रल टीचर एलिजबिलिटी टेस्ट (सीटीईटी) के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई। इस बार सामान्य व ओबीसी के लिए 100 से 200 रुपये और एससी-एसटी व शारीरिक रूप से अशक्त वर्ग के लिए आवेदन करना 50 से 100 रुपये तक महंगा हो गया है। देश भर में सीटीईटी की परीक्षा 21 सितंबर को आयोजित होगी। परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन www.ctet.nic.in पर कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 4 अगस्त तक चलेगी।
सीटीईटी में आवेदन के लिए अब सामान्य व ओबीसी को पेपर-1 या पेपर-2 केलिए 600 रुपये का भुगतान करना होगा, जबकि दोनों पेपर देने के लिए 1000 रुपये की राशि चुकानी होगी। इससे पहले इस यह फीस 500 और 800 रुपये थी। इसी तरह बीती परीक्षा के समय आवेदन के लिए एससी-एसटी व शारीरिक रूप से अशक्त वर्ग के लिए पेपर-1 या पेपर-2 के लिए भुगतान राशि 250 रुपये थी और दोनों पेपर के लिए 400 रुपये चुकाने पड़े थे, जबकि इस बार 300 और 400 रुपये कर दिए गए हैं।
परीक्षा की फीस चालान के माध्यम से, सिंडिकेट बैंक के सीबीएसई खाता में या फिर डेबिट/क्रेडिट कार्ड से चुकाई जा सकती है। अभ्यर्थी 12 से 19 अगस्त के बीच कर अपने आवेदन में ऑनलाइन सुधार कर सकेंगे। एडमिट कार्ड 22 अगस्त से वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे।

Wednesday, July 9, 2014

9647 जेबीटी टीचर्स भर्ती परिणाम अब प्रमाण पत्रों की जांच के बाद


कई माह से भर्ती परिणाम का इंतजार कर रहे जेबीटी टीचरों को हाईकोर्ट ने तगड़ा झटका दिया है। कोर्ट ने हरियाणा सरकार को निर्देश दिया है कि भर्ती का परिणाम तभी घोषित करे जब सभी उम्मीदवारों के प्रमाणपत्रों जिसमें अनुभव, डिग्री खासकर अध्यापक पात्रता परीक्षा के प्रमाणपत्र की परीक्षा में लिए गए अंगूठे, फोटो व हस्ताक्षर की तकनीकी जांच पूरी कर ले। जांच से पहले सरकार परीक्षा का परिणाम घोषित नहीं कर सकती। जींद निवासी महा सिंह द्वारा दायर जनहित याचिका पर चीफ जस्टिस संजय किशन कौल पर आधारित खंडपीठ ने हरियाणा शिक्षा विभाग की प्रधान सचिव, स्कूल टीचर भर्ती बोर्ड व हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड को 19 अगस्त के लिए नोटिस जारी कर जवाब तलब भी किया है। याचिकाकर्ता के वकील जसबीर मोर ने सुनवाई के दौरान खंडपीठ को बताया कि हरियाणा में चल रही टीचर भर्ती प्रक्रिया में चयनित उम्मीदवारों के प्रमाणपत्रों को सही जांच नहीं की जा रही। खासकर अध्यापक पात्रता परीक्षा के प्रमाणपत्र की परीक्षा में लिए गए अंगूठे, फोटो व हस्ताक्षर की जांच नहीं की गई। याचिकाकर्ता के वकील ने कोर्ट से मांग कि नियुक्ति देने से पहले यह जांच पूरी होनी चाहिये न कि 2011 में चयनित 8285 जेबीटी अध्यापकों की तरह मामला बाद में सामने आए।

Saturday, July 5, 2014

डीएड (प्राथमिक शिक्षक) कोर्स में दाखिले की पहली सूची जारी

डीएड (प्राथमिक शिक्षक) कोर्स में दाखिले की पहली सूची जारी कर दी गई है। इस बार भी लड़कियों ने मेरिट सूची में अपना दबदबा बनाए रखा। 80 फीसदी सीटों पर लड़कियों का कब्जा रहा है। ऐसे में लड़कियों में प्राथमिक शिक्षक बनने की चाहत लड़कों की अपेक्षा अधिक दिख रही है।
 मेरिट में आने वाले यह उम्मीदवार अब 8 जुलाई तक संबंधित अलॉट किए गए शिक्षण कॉलेज या डाईटस में अपना दाखिला ले सकते हैं। इस बार डीएड की फीस 25 हजार रुपये प्रति वर्ष निर्धारित की गई है।
एससीईआरटी (राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं अध्यापक प्रशिक्षण परिषद) गुड़गांव की ओर से डीएड कोर्स 2014-16 के लिए यह दाखिले किए जा रहे हैं। यह दाखिले दस जमा दो कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर किए जा रहे हैं। प्रदेश भर में करीब 320 शिक्षण कॉलेजों व डाईटस में करीब 20 हजार सीटों के लिए यह दाखिला प्रक्रिया शुरू की गई है।
कोर्स में प्रवेश की पहली मेरिट सूची एससीईआरटी की वेबसाइट पर डाली गई है। सूची में इस बार भी लड़कियों ने लड़कों को पछाड़कर बाजी मारी है। लड़कियों ने 80 फीसदी सीटों पर अपना कब्जा किया है। निर्धारित तिथि आठ जुलाई तक दाखिला न लिए जाने पर उम्मीदवारी स्वत: ही समाप्त हो जाएगी।
 उम्मीदवार अगली काउंसलिंग में भाग नहीं ले सकेगा। कोर्स की दूसरी कट लिस्ट 14 जुलाई को जारी की जाएगी। इससे पहले उम्मीदवार नौ से 12 जुलाई तक अपने च्वाइस के ऑप्शन फि र से भर सकते हैं। दूसरी मेरिट लिस्ट 15 जुलाई को जारी कर दी जाएगी। दूसरी लिस्ट में चयनित उम्मीदवारों को 16 से 20 जुलाई के बीच अपना दाखिला सुनिश्चित करना होगा।

Monday, June 30, 2014

हरियाणा पुलिस भर्ती शारीरिक दक्षता परीक्षण 7 जुलाई से

हरियाणा पुलिस भर्ती बोर्ड ने पुलिस में 8275 पुरुष कांस्टेबल की भर्ती के लिए उम्मीदवारों का शारीरिक माप एवं शारीरिक दक्षता परीक्षण 7 जुलाई से दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया है। यह परीक्षण 14 अगस्त तक जारी रहेगा।1शारीरिक माप एवं शारीरिक दक्षता परीक्षण पंचकूला के सेक्टर-3 स्थित चौधरी देवीलाल स्टेडियम में 7 जुलाई से 8 अगस्त तक किया जाएगा। इसी प्रकार यह परीक्षण अंबाला शहर के सेक्टर-10 स्थित राजीव गांधी खेल परिसर में भी 14 जुलाई से 14 अगस्त तक चलेगा।
 पुरुष सिपाहियों की भर्ती प्रक्रिया को तकनीकी कारणों से स्थगित कर दिया गया था। अब इसका कार्यक्रम दोबारा घोषित किया गया है। चौ. देवीलाल स्टेडियम सेक्टर-3 पंचकूला में उम्मीदवारों की दौड़ एस्ट्रोटर्फ ट्रैक पर कराई जाएगी। 800 मीटर की दौड़ जूता पहनना जरूरी होगा। उम्मीदवारों की सुविधा के लिए परीक्षण का कार्यक्रम पुलिस भर्ती बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। सभी पात्र उम्मीदवार परीक्षण में उपस्थिति के लिए अपना-अपना दिन तथा समय वेबसाइट पर देख सकते हैं। याद रहे कि पुरुष कांस्टेबलों की भर्ती प्रक्रिया रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटीफिकेशन डिवाइस (आरएफआइडी) के फेल होने की वजह से बीच में रोक देनी पड़ी थी। पुलिस कांप्लेक्स मधुबन में इस डिवाइस ने काम करना बंद कर दिया था। सिक्योरिटी के लिहाज से वहां पहले से जैमर लगे हुए हैं।

Friday, June 27, 2014

डीयू में चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम समाप्त

चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम (एफवाईयूपी) को वापस लेने पर दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के कुलपति प्रो. दिनेश सिंह की सहमति के बाद डीयू और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के बीच गतिरोध समाप्त हो गया है।
कुलपति ने शुक्रवार को यूजीसी के समक्ष समर्पण करते हुए वक्तव्य जारी किया कि चार वर्षीय पाठ्यक्रम वापस लेते हुए डीयू 2012-2013 सत्र की तर्ज पर ही दाखिले लेगा। दाखिला प्रक्रिया में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए प्रिंसिपलों की 12 सदस्यीय समिति विचार करेगी। संभावना जताई जा रही है कि दाखिले मंगलवार से शुरू हो सकते हैं। चार वर्षीय पाठ्यक्रम वापस होने पर शिक्षक व छात्र संगठनों ने खुशी जताई है।