Sunday, April 13, 2014

हरियाणा नौकरी व दाखिले के समय सत्यापित प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने का झंझट खत्म

हरियाणा प्रदेश सरकार ने नौकरी व दाखिले के समय सत्यापित प्रमाणपत्र या अन्य दस्तावेज प्रस्तुत करने का झंझट खत्म कर दिया है। मूल प्रमाणपत्र व अन्य दस्तावेज अब साक्षात्कार के समय ही दिखाने होंगे। राज्य सरकार ने स्व-प्रमाणीकरण के प्रावधान के तहत यह व्यवस्था लागू की है। अब आवेदकों को विभिन्न संगठनों या शैक्षणिक संस्थानों में नौकरियों या दाखिले के लिए आवेदन करते समय अंक तालिका जैसे दस्तावेजों या प्रमाणपत्रों की सत्यापित प्रतियां लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। सरकार के अनुसार स्व-प्रमाणीकरण प्रणाली नागरिक मैत्री है और इससे धन और समय की बचत होती है। अभी तक आवेदकों को प्रमाण पत्र सत्यापित कराने के लिए अधिकृत अधिकारियों के पास चक्कर काटने पड़ते हैं, जिससे जल्द ही छुटकारा मिलने की उम्मीद है। स्व-प्रमाणीकरण को अपनाने की दूसरा प्रशासनिक सुधार आयोग अपनी 12वीं रिपोर्ट ‘सिटीजन सैंटरिक एडमिनिस्टेशन - द हर्ट आफ गवर्नेस’ में प्रक्रिया के सरलीकरण के लिए सिफारिश कर चुका है। इस पर गौर के बाद सरकार ने मामले पर पुनर्विचार कर यह फैसला लागू किया है। अब सरकारी कार्यालयों के अलावा अर्ध-सरकारी, बोर्डो, निगमों, स्कूलों व संगठनों में आवेदकों के आवेदन स्व-सत्यापित दस्तावेज या प्रमाणपत्र के साथ ही स्वीकार किए जाएंगे। अभी तक प्रमाणपत्रों के सत्यापन में काफी श्रम लग जाता था

Sunday, March 16, 2014

केवीएस स्कूलों में पांचवीं कक्षा तक विद्यार्थियों को सप्ताह में पांच ही दिन जाना होगा स्कूल

केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) के स्कूलों में पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को अब सप्ताह में सिर्फ पांच ही दिन स्कूल जाना होगा। नए सत्र के लिए सभी केंद्रीय विद्यालयों के प्रिंसिपलों को सकरुलर जारी कर दिया गया है, जिसमें पहली से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए पांच दिन ही स्कूल लगाने का निर्देश दिया गया है। प्राइमरी विंग के बच्चों को अब सप्ताह में पांच दिन ही स्कूल आना होगा, लेकिन शिक्षक छह दिन स्कूल आएंगे। फाइव डेज वीक कांस्पेट को लागू करने के पीछे आरटीई एक्ट 2009 के प्रावधानों को ध्यान में रखा गया है। इसको लेकर एक एक्सपर्ट कमेटी भी बनाई गई थी जिसके सुझावों पर यह फैसला लिया गया है। कमेटी की सिफारिशों के बाद केवीएस बोर्ड ने इसे मंजूरी दे दी है। नए नियम के मुताबिक छोटे बच्चों को सप्ताह में दो दिन ब्रेक मिलना चाहिए। इससे प्राथमिक कक्षाओं के लिए तरह-तरह की एक्टिविटीज और अध्यापकों को सीसीई स्कीम को बेहतर तरीके से लागू करने के लिए और समय मिलेगा।
आरटीई एक्ट के अनुसार पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए 200 और छठी व आठवीं क्लास के विद्यार्थियों के लिए 220 वर्किग डेज होने चाहिए। केवीएस के एक्पर्ट कमेटी की गणना के अनुसार अगर फाइव डेज वीक होता है तो 207 वर्किग डेज होंगे।

Friday, March 7, 2014

हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा पास करने वाले 90 फीसद टीचर फर्जी

अध्यापक पात्रता परीक्षा पास करने में प्रदेश के 90 फीसद जेबीटी टीचरों ने बड़े-बड़े मुन्ना भाइयों को भी पीछे छोड़ दिया है। फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) मधुबन की जांच रिपोर्ट में सामने आया है कि वर्ष 2011 में नियुक्ति पाने वाले जेबीटी टीचरों में सिर्फ 1093 ऐसे हैं, जिन्होंने पात्रता परीक्षा सही तरीके से पास की है।
शुक्रवार को हाई कोर्ट में मौलिक शिक्षा विभाग के महानिदेशक डी सुरेश कुमार ने हलफनामा देकर बताया कि उच्च न्यायालय के आदेश पर शिक्षा विभाग ने 2011 में जेबीटी टीचर नियुक्त हुए 8285 टीचरों द्वारा फर्जी तरीके से अध्यापक पात्रता परीक्षा पास करने की जांच शुरू की थी। विभाग ने सभी टीचरों के आवेदन फार्म व उत्तरपुस्तिका (ओएमआर सीट) पर अंगूठे के निशान की जांच की व इसकी एफएसएल जांच करवाई। एफएसएल जांच में जो रिपोर्ट आई वह चौंकाने वाली है। जांच में केवल 1093 टीचर ऐसे मिले जिनके अध्यापक पात्रता परीक्षा के आवेदन फार्म व उत्तर पुस्तिका पर अंगूठे के निशान एक जैसे मिले। बाकी 6800 टीचरों के अंगूठे के निशान नहीं मिल रहे हैं। इससे इन टीचरों का अध्यापक पात्रता परीक्षा पास करना संदेह के दायरे में है।
हलफनामे के अनुसार एफएसएल जांच में पाया गया कि केवल 1093 शिक्षकों ने सही तरीके से परीक्षा पास की है, जबकि 751 टीचरों ने फर्जी तरीके से परीक्षा पास की है। रिपोर्ट के अनुसार 6049 टीचर परीक्षा पास करने में संदिग्ध पाए गए हैं। 390 टीचर ऐसे हैं जिन्होंने या तो नौकरी छोड़ दी है या भय की वजह से अपने अंगूठे की जांच नहीं करवाई या अन्य कारणों से वे जांच में नहीं आ पाए। 2 टीचर ऐसे हैं जिनका रिकार्ड नहीं मिल पाया।

भर्ती में बड़े स्तर पर हुई धांधली : हाई कोर्ट के जस्टिस एजी मसीह ने इस जांच रिपोर्ट को रिकार्ड पर रखते हुए सरकार को निर्देश दिया कि संदिग्ध 6049 की पूर्ण जांच कर अगली सुनवाई तक कोर्ट में पेश की जाए। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता के वकील जसबीर मोर ने कोर्ट को कहा कि जांच में साफ हो गया है कि इस भर्ती में बड़े स्तर पर धांधली हुई है, लिहाजा इनकी भर्ती रद कर याचिकाकर्ता व प्रतीक्षा सूची में रहे उम्मीदवारों को नियुक्ति दी जाए। मोर ने कोर्ट को बताया कि इस मामले में सरकार की तरफ से शुरू में कहा गया था कि दोषी टीचर्स के प्रमाण पत्र रद कर उनके खिलाफ पुलिस जांच कराई जाएगी।

Sunday, February 23, 2014

सीएम हुड्डा ने कहा कोर्ट का फैसला आते ही करेंगे गेस्ट टीचर नियमित

काफी समय से अनशन पर बैठे हरियाणा के अतिथि अध्यापकों का अनशन प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रविवार को तुड़वा दिया। जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे आधा दर्जन अध्यापकों के पास पहुंचे हुड्डा ने अध्यापकों को जूस पिलाया और उनके हित में जल्द फैसला करने का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में चल रहे मामले पर फैसला आते ही अध्यापकों को नियमित कर दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने भूख हड़ताल करने के दौरान बर्खास्त किए गए 13 शिक्षकों को 25 फरवरी से नियमित करने का आश्वासन भी दिया। मुख्यमंत्री के बुलावे पर हरियाणा भवन पहुंचे एक दर्जन अध्यापकों ने कई अन्य मांगें भी रखीं।

बहाल होंगे बर्खास्त अतिथि अध्यापक
मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बर्खास्त 13 अतिथि अध्यापकों की बहाली के आदेश सोमवार तक जारी हो जाने का भरोसा दिलाया है। शिक्षा निदेशालय ने रविवार को समझौता वार्ता से पहले अतिथि अध्यापकों को बर्खास्त कर दिया था।

Monday, February 17, 2014

अब HTET 2013-14 Result 20 फरवरी को घोषित किए जाने की संभावना

एक ओर जहां हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने एचटेट परीक्षा का परिणाम की घोषणा को दो दिन के लिए और टाल दिया है, वहीं फेसबुक पर परीक्षा परिणाम कुछ लोगों ने दर्शाना शुरू कर दिया है। बोर्ड सूत्रों के अनुसार 17 फरवरी को एचटेट का परीक्षा परिणाम घोषित होने की संभावना बताई गई थी। मगर बोर्ड ने कुछ तकनीकी दिक्कतों की वजह से इस परीक्षा परिणाम को घोषित नहीं किया। अब 20 फरवरी को एचटेट परीक्षा परिणाम घोषित किए जाने की संभावनाएं जताई जा रही है। इस बार एचटेट परीक्षा में प्रदेश भर से तीन लाख 82 हजार 679 परीक्षार्थी प्रविष्ट हुए थे। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डा. केसी भारद्वाज का कहना है कि एचटेट परीक्षा को लेकर अभी थोड़ा विलंब हो सकता है, क्योंकि इसकी प्रक्रिया अभी चल रही है।

Thursday, February 6, 2014

महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक - वर्ष 2000 से आज तक पंजीकृत को मर्सी चांस

महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय अपने विद्यार्थियों पर मेहरबान हो गया है। वर्ष 2000 से आज तक किसी कारण से डिग्री लेने से वंचित रह गए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय परीक्षा का विशेष अवसर देगा। उत्तीर्ण होने, री-अपीयर करने व (इंप्रूवमेंट) अंक सुधार के लिए परीक्षा दी जा सकेगी। मदवि प्रशासन को लंबे समय से पुराने विद्यार्थी मर्सी चांस (अनुकंपा अवसर) की मांग कर रहे थे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने वर्ष 2004 तक पंजीकृत विद्यार्थियों को अनुकंपा अवसर देने का निर्णय लिया, लेकिन इसके बाद भी कुछ विद्यार्थियों ने पंजीकरण अवधि बढ़ाने की मांग उठने लगी, जिनको इस अवधि में शामिल नहीं किया गया था। पुराने विद्यार्थियों ने फिर से कुलपति दरबार में गुहार लगाई। आखिरकार विवि ने वर्ष 2000 में पंजीकृत पुराने सभी विद्यार्थियों को स्वर्णिम अवसर देने के फैसले पर मोहर लगा दी।

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड 10वीं और 12वीं परीक्षाएं 7 मार्च से

लोकसभा चुनाव के मद्देनजर इस बार हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाएं एक सप्ताह पहले करवाने का फैसला किया है। बोर्ड 7 मार्च से परीक्षाएं आयोजित करेगा। हालांकि इससे पहले बोर्ड प्रशासन ने संभावित तिथि 15 मार्च निर्धारित की थी, लेकिन चुनावों को ध्यान में रखते हुए इसमें बदलाव किया गया है। 10वीं कक्षा के दूसरे सेमेस्टर की परीक्षाएं सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर डेढ़ बजे तक आयोजित की जाएंगी। शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. अंशज सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव को देखते हुए परीक्षाएं एक सप्ताह पहले आयोजित कराने का फैसला किया गया है।