Friday, December 20, 2013

प्राध्यापकों को स्कूलों में दी गई अस्थायी नियुक्ति

गेस्ट टीचर स्कूल न छोड़ें
तुरंत अपने नजदीकी स्कूलों में पहुंचे

नए प्राध्यापकों को स्कूलों में अस्थायी नियुक्तियां दी गई हैं। काउंसलिंग तिथि आने के इंतजार में ये प्राध्यापक अभी तक डीईओ कार्यालय में ही उपस्थिति दर्ज करवा रहे थे। जिला शिक्षा अधिकारी ने अपने स्तर पर फैसला लेते हुए गुरुवार को इन्हें स्कूलों में जाकर पढ़ाने के आदेश दे दिए हैं। खासकर 14 और 15 दिसंबर को ज्वाइन कर चुके शिक्षकों को तुरंत नजदीकी स्कूलों में जाने को कहा गया है।
गुरुवार सुबह डीईओ ऑफिस पहुंचे इन प्राध्यापकों को इस बारे में सूचना मिली तो वे स्कूलों की तरफ दौड़ पड़े। हालांकि इस हकीकत का पता बाद में लगा कि स्थायी नियुक्ति देने तक उन्हें स्कूलों में भेजा जा रहा है।

स्कूलों में अस्थायी नियुक्ति कुछ दिनों के लिए ही है, क्योंकि प्राध्यापकों को जल्द ही इंडक्शन ट्रेनिंग पर भेजा जाना है। पहले यह ट्रेनिंग ज्वाइनिंग के बाद ही होती थी लेकिन इस बार इसे शायद पहले करवाया जाए। विभागीय आदेशों में यह भी कहा गया है कि प्राध्यापक लेसन प्लान तैयार कर इसे ऑनलाइन ही एससीईआरटी को भिजवाएं।

डीईओ ने निर्देश दिए हैं कि नई नियुक्ति पाए अतिथि अध्यापक अपने स्कूलों को न छोड़ें। कम से कम काउंसलिंग तक तो वे उन्हीं स्कूलों में पढ़ाते रहें। उनके स्कूल छोडऩे से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी। स्थाई नियुक्तियों के दौरान उनकी पोजिशन को ध्यान में रखा जाएगा। हो सकता है कि कुछ को उन्हीं स्कूलों में रखा जाए।

डीईओ ऑफिस में भीड़ न बढ़ाएं : डीईओ

असमंजस की स्थिति न रहे इसलिए गुरुवार शाम ब्लॉक और विषयानुसार डीईओ ऑफिस के बाहर स्कूलों की सूची भी चस्पा कर दी गई। इसमें हिसार के सभी ब्लॉकों के स्कूल शामिल हैं। ये वही स्कूल हैं जो प्राध्यापकों ने 10 स्टेशनों की वरियता सूची में भरे थे। डीईओ का कहना है कि जिले के स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी है। ऐसे में ज्वाइनिंग ले चुके प्राध्यापकों को खाली बिठाने से अच्छा होगा कि उन्हें स्थाई नियुक्ति मिलने से पहले भी स्कूलों में पढ़ाने के लिए भेज दिया जाए।

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) में पहली बार ऑनलाइन आवेदन

पहली बार बोर्ड की संपूर्ण प्रक्रिया ऑनलाइन विधि के माध्यम से
आवेदन के 48 घंटे बाद स्टेट बैंक ऑफ पटियाला में फीस जमा होगी
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) के माध्यम से विभिन्न विभागों में 6 हजार से अधिक रिक्त पदों को भरने के लिए संबंधित पदों की योग्यता रखने वाले आवेदकों से पहली बार वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। आवेदकों को फीस जमा कराने के लिए स्टेट बैंक ऑफ पटियाला की शाखा का चयन किया गया है। पहली बार बोर्ड की संपूर्ण प्रक्रिया ऑनलाइन विधि के माध्यम से रखी गई है। 20 दिसंबर से ऑनलाइन सेवाएं शुरू कर दी गई हैं। बहुत से आवेदकों ने विभिन्न पदों के लिए पहले दिन ही आवेदन कर दिया है।
आवेदकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। बोर्ड ने निर्णय लिया है कि आवेदक किसी भी तरह का पत्राचार नहीं करेगा। संपूर्ण प्रक्रिया ऑनलाइन विधि के माध्यम से की जाएगी। साक्षात्कार व मूल प्रमाण पत्रों की जांच के दौरान अपने सभी दस्तावेज एवं ऑनलाइन फार्म का विवरण प्रस्तुत करना होगा। फार्म भरते समय साइट पर फोटो, हस्ताक्षर व शैक्षणिक विवरण सहित संपूर्ण जानकारी फीड करनी होगी।
जिसके बाद ई-चालान के माध्यम से फीस जमा कराई जाएगी। इस भर्ती में स्पेशल बैकवर्ड क्लास श्रेणी में आने वाले आवेदकों को आरक्षण का लाभ दिया जाएगा। आरक्षित वर्ग के हिसाब से ही भर्ती प्रक्रिया की गई है।
 आयोग के माध्यम से ही बिजली निगम के लिए भी 1761 पदों पर आवेदन मांगे गए हैं।जिनमें 1586 पद असिस्टेंट लाइनमैन के हैं, 132 पद शिफ्ट अटेंडेंट के लिए, 23 पद लैब अटेंडेंट के लिए व 20 पद डिविजन अकाउंट के लिए भरे जाएंगे।
 बोर्ड के मुताबिक इस बार सभी पात्र आवेदकों के एडमिट कार्ड भी विभाग की वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे ताकि आवेदकों को किसी तरह की परेशानी न हो।

48 घंटे बाद जमा होगी फीस, होगी परेशानी

ऑनलाइन आवेदन के 48 घंटे बाद स्टेट बैंक ऑफ पटियाला में फीस जमा कराई जा सकेगी। स्टेट बैंक ऑफ पटियाला बैंकों का आम गांवों व बड़े कस्बों में अभाव है, जिस कारण आवेदकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। अगर दो से तीन बैंक लिंक होते तो आवेदकों को फायदा मिलता।
 

Thursday, December 19, 2013

हरियाणा में मास्टरों की पदोन्नति सूची महीने भर में होगी जारी

प्रदेश भर में मांगों को लेकर आंदोलनरत मास्टरों को शिक्षा विभाग ने नववर्ष का तोहफा दिया है। प्रवक्ता बनने की राह ताक रहे मास्टरों की पदोन्नति सूची विभाग एक महीने में जारी कर देगा। प्रोन्नति के लिए विभाग ने अध्यापन विषय की शर्त को हटा दिया है। स्नातक स्तर पर पढ़े गए विषयों में स्नातकोत्तर डिग्री हासिल कर चुके मास्टर भी अब प्रवक्ता बन सकेंगे। शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल ने वीरवार को हरियाणा मास्टर वर्ग एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक के बाद यह जानकारी दी।
शिक्षा मंत्री भुक्कल ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को हाई स्कूल के मुख्याध्यापकों की पदोन्नति के लंबित मामलों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी औपचारिकताएं पूरी कर एक महीने के अंदर सूची जारी की जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मिडल स्कूल मुख्याध्यापकों को डीडीओ पावर व कार्य शक्तियां प्रदान करने का कार्य भी इस महीने के अंत तक सुनिश्चित करें। भुक्कल ने कहा कि मास्टरों की समस्याओं की सुनवाई के लिए मुख्यालय स्तर पर एक अधिकारी को अधिकृत किया जाएगा ताकि उन पर समयानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके।  विभाग ने 5548 मास्टरों को मिडिल हेडमास्टर के पद पर पदोन्नति दे दी है। शिक्षा मंत्री ने मास्टरों की तरह ही मौलिक स्कूल मुख्याध्यापकों की एसीपी का सरलीकरण भी जिला स्तर पर ही करने के निर्देश दिए हैं।

हरियाणा में जेबीटी टीचर्स भर्ती रद्द करने पर फैसला सुरक्षित

ओमप्रकाश चौटाला सरकार के समय 3206 जूनियर बेसिक ट्रेंड टीचर्स (जेबीटी) की नियुक्ति को खारिज किए जाने की मांग संबंधी याचिकाओं पर गुरुवार को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया।

18 डिस्ट्रिक्ट लेवल सिलेक्शन कमेटियों ने 3,206 पदों पर भर्ती की थी। जस्टिस के. कण्णन ने सभी पक्षों को सुनने के बाद यह कदम उठाया। भर्ती में असफल रहे कुल 53 उम्मीदवारों की तरफ से दाखिल याचिका में कहा गया कि उन सभी का चयन डिस्ट्रिक्ट लेवल कमेटियों द्वारा तैयार की गई पहली लिस्ट में किया गया था। बाद में तत्कालीन मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के प्रभाव में लिस्ट बदल दी गई। अब जब कि दिल्ली स्थित सीबीआई की विशेष अदालत ने चौटाला समेत 55 को सजा सुना दी गई है, तो उन सभी नियुक्तियां खारिज की जाएं। साथ ही याचिकाकर्ताओं के जैसे योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति के निर्देश दिए जाएं। ये भर्तियां वर्ष 2000 में हुई थीं।

Monday, December 16, 2013

एमडीयू दूरस्थ शिक्षा (Distance Edu.) में दाखिले की अंतिम तिथि 17 दिसंबर

एमडीयू रोहतक के दूरस्थ शिक्षा निदेशालय में सत्र 2013-14 के लिए विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश की ऑनलाइन प्रक्रिया सारिणी में संशोधन किया गया है। डीडीई की बीए, बीकाम, बीबीए, बीसीए, बि लिब साइंस, एमलिब साइंस, एमए हिन्दी, अंग्रेजी, संस्कृत, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान, लोक प्रशासन, इतिहास पाठ्यक्रमों में 500 रुपए विलंब शुल्क सहित एक्सिस बैंक में चालान जमा करने की अंतिम तिथि 17 दिसंबर होगी। इसके बाद प्रवेश फार्म की प्रिंट कॉपी एवं अन्य जरूरी दस्तावेज 24 दिसंबर तक डीडीई में जमा किए जा सकते हैं। तत्पश्चात, 1000 रुपए शुल्क के साथ 10 जनवरी तक फीस चालान सृजित किए जा सकते है। ये चालान 15 जनवरी 2014 तक एक्सिस बैंक में जमा किए जा सकेंगे। तदुपरांत, 24 जनवरी 2014 तक प्रवेश फार्म की प्रिंट कॉपी एवं अन्य जरूरी दस्तावेज डीडीई में जमा कराने होंगे।

Sunday, December 15, 2013

एचटेट (HTET) ऑनलाइन फॉर्म भरने की प्रक्रिया आज से

आगामी एक व दो फरवरी को आयोजित होने वाले हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा एचटेट की परीक्षा के लिए फॉर्म भरने की प्रक्रिया 16 दिसंबर से शुरु हो जाएगी। इस बार आवेदकों को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी की वेबसाइट से ऑनलाइन ही फॉर्म भरने होंगे। 27 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन भरने के बाद 30 दिसंबर तक बैंकों में फीस और कन्फर्मेशन किया जा सकेगा। बोर्ड की ओर से जारी कार्यक्रम अनुसार इस बार बोर्ड की ओर से एडमिट कार्ड डाक से नहीं भेजा जाएगा। परीक्षार्थियों को ऑनलाइन ही डाउनलोड करना पड़ेगा। 20 जनवरी से वे अपने रोलनंबर व एडमिट कार्ड निकाल सकेंगे।
तीन लेवल में होने हैं परीक्षा: लेवल एक में पहली से पांचवीं प्राथमिक शिक्षक, लेवल टू छठी से आठवीं टीजीटी तथा लेवल तीन में लेक्चरर पीजीटी की परीक्षा होनी है।
पीजीटी व टीजीटी में जुड़े कई विषय: इस बार परीक्षा में पीजीटी में फाइन आर्ट, म्यूजिक व कंप्यूटर साइंस तथा टीजीटी में आर्ट व म्यूजिक के विषय शामिल किए गए हैं। इससे परीक्षार्थियों की संख्या बढऩे की उम्मीद है।

Saturday, December 14, 2013

हरियाणा में रोक हटते ही 7832 पीजीटी ने ज्वाइन किया

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का शुक्रवार को फैसला आते ही हरियाणा में नौ महीने से चयनित 7832 पोस्ट ग्रेजुएट टीचरों (पीजीटी) के चेहरे पर खुशी दौड़ गई। प्रदेश सरकार ने शनिवार को सब चयनित टीचरों की ज्वाइनिंग करवा ली। मेवात कैडर के टीचर सोमवार को ज्वाइन करेंगे।
हरियाणा शिक्षक भर्ती बोर्ड ने मेवात कैडर के 448 पीजीटी पदों का परिणाम 28 फरवरी, 2013 को घोषित कर दिया था, जबकि शेष 7384 पीजीटी पदों का परिणाम 11 मार्च, 2013 को घोषित किया था। हाईकोर्ट में शिक्षक भर्ती बोर्ड के गठन और बोर्ड के चेयरमैन समेत सदस्यों की नियुक्ति की चुनौती देने वाली याचिका दायर हो गई। अदालत ने अंतरिम आदेश के तहत चयनित उम्मीदवारों की ज्वाइनिंग पर रोक लगा दी थी और कुछ विषयों के परिणाम पर भी रोक लगा दी थी।
हाईकोर्ट ने शुक्रवार को याचिका रद्द कर दी तो स्कूल शिक्षा विभाग ने 13 दिसंबर को सब चयनित पीजीटी टीचरों के नियुक्ति पत्र वेबसाइट पर अपलोड कर दिए। सब चयनित उम्मीदवारों को सार्वजनिक नोटिस जारी कर शनिवार को जिला शिक्षा अधिकारियों के कार्यालयों में ज्वाइन करने के निर्देश दिए।