Friday, September 9, 2011

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग - एक्साइज इंस्पेक्टर पद की परीक्षा स्थगित

       एक्साइज एंड टैक्सेशन इंस्पेक्टर पद के लिए 11 सितंबर (रविवार) को होने वाली लिखित परीक्षा स्थगित कर दी गई है। यह जानकारी शुक्रवार को जारी विज्ञप्ति में सरकारी प्रवक्ता ने दी। हरियाणा कर्मचारी आयोग ने एक्साइज एंड टैक्सेशन इंस्पेक्टर के लिए होने वाली परीक्षा प्रशासनिक कारणों से स्थगित की है

Thursday, September 8, 2011

डीएड तीसरे चरण की काउंसिलिंग 13 सितंबर से

         स्टेट काउंसिल फार एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (एससीईआरटी) में डिप्लोमा इन एजुकेशन (डीएड) की तीसरी काउंसलिंग 13 सितंबर से शुरू होगी। विभाग के अधिकारियों के मुताबिक तकरीबन 4100 सीटों के लिए तीसरी काउंसलिंग की जाएगी। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ही छात्रों का दाखिला किया जाएगा। काउंसलिंग में आने वाले प्रत्येक छात्र को दो पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ और सारे सर्टिफिकेट्स की ऑरिजनल कॉपी साथ लानी होगी। 13 सितंबर से शुरू होने वाली तीसरी काउंसलिंग में वही छात्र शामिल हो सकेंगे जिन्होंने इससे पहले एक बार भी अप्लाई नहीं किया है।   
जिन छात्रों का दाखिला पहली दो काउंसलिंग के तहत हो चुका है लेकिन अब वह कॉलेज बदलना चाहते हैं तो वह इस काउंसलिंग का हिस्सा नहीं बन सकता।

    13
सितंबर से शुरू होने वाली तीसरी काउंसलिंग में 15 सितंबर तक जनरल श्रेणी की काउंसलिंग होगी। इनमें आट्र्स और साइंस संकाय के सभी छात्र भाग ले सकेंगे जबकि कॉमर्स संकाय के लिए कम से कम प्रतिशतता 54 प्रतिशत रखी गई है।
     16 को बीसी-ए और बीसी-बी कैटेगरी, 17 को एससी, विकलांग की काउंसलिंग होगी। 18 तारीख को सारी श्रेणियों के वेटिंग की काउंसलिंग होगी।

Wednesday, September 7, 2011

राजस्थान में अब आरटीई के तहत होगा शिक्षकों का समानीकरण

राज्य की प्रारंभिक शिक्षा में शिक्षकों का समानीकरण अब राइट टू एजुकेशन एक्ट के तहत किया जाएगा। शिक्षा मंत्री मास्टर भंवरलाल 12 सितंबर को सर्व शिक्षा अभियान और आरटीई की बैठक में इस पर चर्चा करेंगे। आरटीई के तहत प्रारंभिक शिक्षा में शिक्षकों के पद बढ़ेंगे। अगले वर्ष के लिए शिक्षकों के 56 हजार पद और मांगने की तैयारी चल रही है। इस वर्ष 41 हजार तृतीय श्रेणी अध्यापकों की भर्ती होगी। उसके बाद स्कूलों में छात्र- शिक्षक अनुपात देखा जाएगा।

राई स्पोट्र्स स्कूल का प्रवेश कार्यक्रम जारी

मोतीलाल नेहरू स्कूल आफ स्पोट्र्स, राई (सोनीपत) द्वारा शैक्षणिक सत्र 2012-2013 के लिए विभिन्न कक्षाओं की प्रवेश कार्यक्रम सूचना तथा विवरणिका जारी की गई है। 
  शैक्षणिक सत्र 2012-2013 के लिए चतुर्थ कक्षा, छठी कक्षा तथा 11वीं कक्षा की प्रवेश सूचनाएं जारी कर दी गई हैं। चतुर्थ कक्षा में 100 विद्यार्थियों के प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा होगी। चतुर्थ कक्षा की 100 सीटों में से 80 प्रतिशत सीटें हरियाणा निवासी विद्यार्थियों के लिए आरक्षित हैं। छठी कक्षा में 25 विद्यार्थियों के प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। छठी कक्षा में प्रवेश के लिए आवेदक विद्यार्थियों की आयु 10 से 12 वर्ष होनी चाहिए। चतुर्थ कक्षा तथा छठी कक्षा के आवेदक विद्यार्थियों की आयु का निर्धारण 30 जून 2012 को आधार मान कर किया जाएगा। 

  11वीं कक्षा में 40 विद्यार्थियों के प्रवेश के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी। विद्यालय के काउंटर से नौ सौ रुपये नकद देकर प्रवेश के इच्छुक आवेदकों द्वारा आवेदन फार्म सहित विवरणिका प्राप्त की जा सकती है। अनुसूचित जाति के इच्छुक आवेदकों के लिए आवेदन फार्म सहित विवरणिका का शुल्क 450 रुपये निर्धारित किया गया है।

एमडीयू - पीएचडी छात्रों को एक और अवसर

30 सितंबर तक लिए जा सकेंगे आवेदन
पीएचडी से पहले आयोजित होगी प्रवेश परीक्षा
 
महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय से पीएचडी करने के इच्छुक युवाओं को एक और मौका दिया गया है। प्री पीएचडी के लिए अब 30 सितंबर तक आवेदन किए जा सकेंगे। विश्वविद्यालय ने आवेदन की अंतिम तारीख 31 अगस्त से बढ़ाकर 30 सितंबर कर दी है। एमडीयू ने शोध कार्यों को बढ़ावा देने के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। अगस्त महीने में यह आवेदन मांगे गए थे। जिसमें 31 अगस्त तक आवेदन लिए गए थे। अब कुलपति कार्यालय की ओर से अधिसूचना जारी की गई है जिसमें पीएचडी के लिए अब 30 सितंबर तक आवेदन किए जा सकेंगे। कुलसचिव डा. एसपी वत्स ने बताया कि विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में शोध कार्य के लिए आवदेन आमंत्रित किए गए हैं। पीएचडी से पहले आवेदक को प्री पीएचडी के लिए आवेदन करना होगा। जिसमें एक परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के अंकों के आधार पर पीएचडी करने का मौका मिलेगा। विभागों में उपलब्ध सीटों का ब्यौरा एमडीयू की वेबसाइट पर पहले से उपलब्ध कराया गया है। 
      आवेदन एमडीयू को आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा विश्वविद्यालय के रोहतक स्थित मुख्यालय से प्रोसपेक्टस भी खरीदे जा सकते हैं। अधूरा भरा गया आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे आवेदनों को विश्वविद्यालय अपने स्तर पर रदद कर सकता है। उन्होंने बताया कि पीएचडी के लिए एक मेरिट लिस्ट तैयार होगी। जिसमें एमफिल करने वालों के लिए अलग से अंक तय किए गए हैं।
नेशनल इलिजबिल्टी टेस्ट पास कर चुके युवाओं को प्राथमिकता प्रदान की जाएगी।
एनसीसी, एनएसएस, खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रम, रक्तदान के लिए भी अंक तय किए गए हैं। परीक्षा में मिले अंक व इन अंकों को मिलाकर फाइनल मेरिट सूची तैयार की जाएगी।

लेवल -I में बीएड धारकों की भर्ती को लेकर संशय

राजस्थानराज्य में शिक्षकों की भर्ती को लेकर एक बार फिर से संशय की स्थिति बन गई है। इस बार यह संशय कक्षा पहली से पांचवीं तक (लेवल -I) के शिक्षकों के लिए होने वाली भर्ती को लेकर है। इस लेवल की भर्ती के लिए बीएसटीसी की परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है, जबकि राज्य में हुई टेट की परीक्षा में लेवल फस्र्ट और लेवल सैकंड, दोनों के लिए ही बीएड योग्यता रखी गई थी। बीसएटीसी को लेकर कोई खास उल्लेख नहीं किया गया था। इसके चलते राज्य में हुई टेट की परीक्षा में दोनों लेवल के लिए बीएड धारकों ने बड़ी संख्या में शिरकत की और पास होने वालों की संख्या भी काफी रही। 

नेट से भी मिलेंगे हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा के एडमिट कार्ड

हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के आवेदन पत्रों की स्कैनिंग का कार्य जोरों पर है। बोर्ड सूत्रों की मानें तो करीब 3 लाख आवेदन फार्म स्कैन हो चुके हैं और बाकी भी स्कैन होने के प्रोसेस में हैं। आवेदन पत्रों की स्कैनिंग के बाद सभी आवेदकों का डाटा वेबसाइट पर ऑनलाइन कर दिया जाएगा। अगर किसी कारणवश आवेदकों तक एडमिट कार्ड नहीं पहुंचते हैं, तो उस स्थिति में आवेदक वेबसाइट पर जाकर भी अपने एडमिट कार्ड ले सकेंगे। फार्म स्कैन होने के बाद बोर्ड एडमिट कार्ड को डाक के जरिए भी भेजेंगे और रोल नंबर को ऑनलाइन भी लिया जा सकेगा। ऑनलाइन एडमिट कार्ड के लिए फार्म का नंबर डालना होगा। एचटेट के लिए इस बार 4 लाख 64 हजार के करीब आवेदन पत्रों की बिक्री हुई और बोर्ड को 4 लाख 59 हजार के करीब आवेदन पत्र प्राप्त हुए है। इस संख्या को देखते हुए भी बोर्ड ने यह कदम उठाया है।