Tuesday, June 5, 2012

राजस्थान यूनिवर्सिटी - प्रवेश प्रक्रिया 7 जून से

राजस्थान यूनिवर्सिटी में शैक्षणिक सत्र 2012-2013 के लिए स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए 7 जून से आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। स्नातक में प्रवेश मेरिट के आधार पर होगा। स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रमों सहित विधि पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्री-परीक्षा के माध्यम से होगा। इन सभी आवेदनों के प्रोस्पेक्टस एवं प्रवेश आवेदन 7 जून से ऑनलाइन उपलब्ध होंगे। ऑनलाइन प्रवेश आवेदन की अंतिम तिथि 15 जून तथा हार्डकॉपी से 18 जून तय की गई है।

हरियाणा स्टेट काउंसलिंग सोसायटी - पॉलिटेक्निक काउंसलिंग तिथि दो दिन बढ़ाई

हरियाणा स्टेट काउंसलिंग सोसायटी (एचएससीएस) ने आखिरकार डिप्लोमा इंजीनियरिंग के ऑनलाइन काउंसलिंग की तिथि दो दिन और बढ़ा दी।  अब यह काउंसलिंग सात जून को शाम पांच बजे चलेगी।
अब तक ऑनलाइन काउंसलिंग में हरियाणा के तकरीबन 35 हजार विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया है। सात जून तक रजिस्ट्रेशन, च्वाइस फिलिंग और च्वाइस लॉकिंग करने का समय मिल जाने से हजारों छात्रों को फायदा होगा। गौरतबल है कि नेशनल इंर्फमेशन सेंटर का सर्वर ऑनलाइन काउंसलिंग के दौरान कई बार डाउन हुआ, जिसके चलते बड़ी संख्या में अभ्यर्थी काउंसलिंग में हिस्सा नहीं ले पाए। काउंसलिंग तिथि बढ़ाने की लगातार मांग को देखते हुए सोसायटी ने यह फैसला किया है।
एचएससीएस की ओर से काउंसलिंग के साथ-साथ सीट अलॉटमेंट रिजल्ट की तिथि में भी बदलाव किया गया है। पहले यह रिजल्ट छह जून को घोषित होना था, लेकिन अब रिजल्ट आठ जून को शाम पांच बजे जारी किया जाएगा। 
दूसरे चरण की काउंसलिंग 13 से 16 जून तक आयोजित होगी। इसके बाद दूसरे चरण की काउंसलिंग 13 से 16 जून तक आयोजित होगी।

आरपीएमटी - 2012 का रिजल्ट इसी हफ्ते

ऑनलाइन आरपीएमटी, 2012 का रिजल्ट इसी हफ्ते शनिवार-रविवार तक घोषित कर दिया जाएगा। हैल्थ-साइंस यूनिवर्सिटी द्वारा 2-3 जून को 6 संभागीय मुख्यालयों पर हुई ऑनलाइन परीक्षा में 33 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी शामिल हुए। परीक्षा के 24 घंटे के भीतर परीक्षार्थियों को पेपर संबंधी शिकायतें ऑनलाइन दर्ज कराने का मौका दिया गया था।

Monday, June 4, 2012

आरएएस-प्री के प्रवेश पत्र आज 5 जून से

राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से 14 जून को आयोजित की जाने वाली आरएएस-प्री परीक्षा 2012 के लिए प्रवेश पत्र मंगलवार से वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे। अभ्यर्थी अपने प्रवेश पत्र आयोग की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें आवेदन आईडी नंबर, टोकन नंबर और जन्मतिथि या मोबाइल नंबर डालना होगा। प्रवेश पत्र डाक से नहीं भेजे जाएंगे। 
अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र के साथ अपना कोई एक फोटोयुक्त पहचान पत्र(जैसे मतदाता पहचान पत्र, अंक पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र आदि) लेकर आना होगा। यदि किसी अभ्यर्थी को प्रवेश पत्र प्राप्त करने में असुविधा हो रही हो तो वह परीक्षा से दो दिन पूर्व प्रत्येक जिले के कंट्रोल रूम से भी द्वितीय प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकेगा।

Friday, June 1, 2012

तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती - प्रवेश-पत्र नहीं मिलें तो जिला परिषद में दर्ज कराएं शिकायत

तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षा के लिए प्रवेश-पत्र नहीं मिलने वाले अभ्यर्थी अपनी शिकायत संबंधित जिला परिषद कार्यालय में शुक्रवार सुबह 11 बजे तक दर्ज करा सकते हैं। इसके बाद शिकायत दर्ज नहीं की जाएगी। पंचायतीराज विभाग की ओर से कहा गया कि शिकायत दर्ज कराने वाले अभ्यर्थियों के प्रवेश-पत्र अपलोड कर दिए जाएंगे। विभाग का कहना है कि सी टेट और आरटेट में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों जिनके संबंध में कोर्ट ने आदेश दिए, वे कोर्ट के आदेश की प्रति, शैक्षणिक योग्यता से संबंधित दस्तावेज, फोटो कॉपी और पांच फोटो के साथ जिला परिषद में संपर्क कर सकते। ऐसे अभ्यर्थियों के मैन्यू अल प्रवेश-पत्र परिषद से जारी किए जाएंगे।

Thursday, May 31, 2012

राजस्थान में सीटेट बीएडधारी दे सकते हैं थर्ड ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा !

 हाईकोर्ट ने सी टेट पास बीएड धारी अभ्यर्थी को थर्ड ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा के द्वितीय लेवल में बैठने के योग्य मानते हुए प्रवेश के अंतरिम आदेश जारी किए हैं। यह आदेश न्यायाधीश गोविंद माथुर ने रातानाडा जोधपुर निवासी प्रार्थी प्रीतम शर्मा व अन्य की ओर से दायर याचिका की सुनवाई में दिए।

अदालत में याचिका कर्ताओं की ओर से अधिवक्ता हनुमानसिंह चौधरी व प्रेमेन्द्र बोहरा ने कहा कि राज्य सरकार ने तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षा के लिए जो विज्ञप्ति जारी की थी उसमें सी टेट पास बीएड धारकों की योग्यता का कहीं जिक्र नहीं किया गया था।

इसी से व्यथित होकर अदालत में याचिकाएं दायर की गई। उन्होंने कहा कि एनसीटीई की ओर से 17 फरवरी 2011 को जारी टेट कंडक्टिंग गाइडलाइन्स के क्लॉज 10 बी व सी में इस बात का स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि यदि किसी वर्ष में राज्य सरकार टेट आयोजित नहीं करती है तो अध्यापक भर्ती परीक्षा में सी टेट पास अभ्यर्थी योग्य माने जाएंगे।

उन्होंने कहा कि एनसीआरटी व राज्य शिक्षा बोर्ड का सिलेबस भी एक सा ही है। उन्होंने यह भी कहा कि पंचायती राज ग्रामीण विकास के सर्कुलर 11 मई 2011 के अनुसार अनुकंपा पर नियुक्ति में भी सी टेट धारी मान्य हैं।

Tuesday, May 29, 2012

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड - दसवीं परिणाम 31 मई, बारहवीं का 5 को

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड प्रशासन ने दसवीं व बारहवीं कक्षा का परिणाम घोषित करने की तिथि घोषित कर दी है। दसवीं कक्षा का परिणाम 31 मई और बारहवीं का परिणाम 5 जून को घोषित किया जा रहा है। मंगलवार को शिक्षा बोर्ड के सचिव डीके बेहरा की अध्यक्षता में हुई अधिकारियों की बैठक में फैसला लिया गया कि परीक्षा परिणाम समय पर घोषित किए जाए। 31 मई को दसवीं कक्षा और 5 जून को बारहवीं कक्षा का परिणाम घोषित करने का फैसला किया गया है।