Showing posts with label RTET. Show all posts
Showing posts with label RTET. Show all posts

Friday, July 29, 2016

रीट (REET) शिक्षक भर्ती 2015 पर हाईकोर्ट ने लगाई रोक

*राजस्थान सरकार को लगा बड़ा झटका
बहुचर्चित रीट शिक्षक भर्ती 2015 कि एग्जाम 7 फरवरी को आयोजित सरकार ने करवाई 15000 पदों के लिए 800000 बेरोजगारों ने अपना भाग्य आजमाया था परिणाम आने के बाद जिले वाइज रीट के अभ्यर्थियों से आवेदन मांगे गए थे आवेदन की अंतिम तिथि 1 अगस्त थी उसके बाद राज्य स्तरीय मेरिट बनाकर 15,000 शिक्षकों को जोइनिंग सरकार के द्वारा दी जानी प्रस्तावित था लेकिन इसी बीच राजस्थान हाई कोर्ट में रिट शिक्षक भर्ती 2015 पर यह कहते हुए रोक लगा दी रीट पात्रता परीक्षा है ना की शिक्षक बनने का आधार है रीट परीक्षा से शिक्षक भर्ती नहीं की जा सकती ।

Friday, July 26, 2013

आरटेट 2011 : रिजल्ट रद्द करने के आदेश पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई रोक

सुप्रीम कोर्ट ने आरटेट 2011 का परिणाम रद्द करने संबंधी हाईकोर्ट के 2 जुलाई के आदेश पर अंतरिम रोक लगा दी है। साथ ही राज्य सरकार व अन्य पक्षकारों से 7 अगस्त तक जवाब मांगा है। न्यायाधीश केएस राधाकृष्णन व एके सीकरी की खंडपीठ ने यह अंतरिम आदेश एसएलपी पर शुक्रवार को सुनवाई करते हुए दिया।
हाईकोर्ट की खंडपीठ ने 2 जुलाई, 2013 को राज्य सरकार व 28 अन्य की अपीलों को खारिज करते हुए आरटेट 2011 में आरक्षित वर्ग को न्यूनतम प्राप्तांकों में दी गई छूट को गलत करार देते हुए साठ प्रतिशत से कम अंक वालों को शिक्षक के लिए अयोग्य माना था।
इसके अलावा इस आधार पर हुई तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती की चयन सूची दुबारा बनाने के निर्देश दिए थे। इस आदेश को राज्य सरकार व प्रार्थियों ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।  महाधिवक्ता जीएस बापना का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश के बाद शिक्षकों की नियुक्ति का रास्ता खुल गया है।

Monday, April 22, 2013

40 हजार ग्रेड थर्ड शिक्षक के पदों की भर्ती प्रक्रिया जल्द हो सकती है शुरू

राजस्थान पंचायतीराज विभाग में तृतीय श्रेणी शिक्षकों के करीब 40000 पदों पर भर्ती की तैयारी शुरू हो गई है। शिक्षा विभाग से जिलेवार वैकेंसीज का विवरण मांगा गया है। चुनावी साल को देखते हुए सरकार इस भर्ती की प्रक्रिया को जल्दी शुरू करना चाहती है। मुख्यमंत्री कार्यालय से निर्देश मिलने के बाद भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाई गई है। पंचायतीराज विभाग हाईकोर्ट में चल रहे टेट के एक मामले में फैसले का इंतजार कर रहा है। इससे पहले पंचायती राज में तृतीय श्रेणी शिक्षकों के 39,595 पदों के लिए भर्ती कर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं।  

Wednesday, December 5, 2012

देरी से घोषित होगा RTET परीक्षा का परिणाम



राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा (आरटेट) 2012 की उत्तर कुंजी पर प्रदेश भर से 850 से अधिक अभ्यर्थियों ने आपत्तियां की हैं। सर्वाधिक आपत्तियां सोमवार को अंतिम दिन प्राप्त हुईं। बोर्ड सचिव मिरजूराम शर्मा का कहना है कि 850 से अधिक आपत्तियां बोर्ड को मिल चुकी हैं।

संभव है डाक से भी कुछ और आपत्तियां प्राप्त हो जाएं। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड इन आपत्तियों के निस्तारण के लिए एक विशेषज्ञ कमेटी का गठन करेगा। उधर, आरटेट 2012 के परिणाम घोषित होने में अभी और समय लगेगा।

बोर्ड सूत्रों के मुताबिक प्रथम तो बोर्ड को अभ्यर्थियों की ओर से मिली आपत्तियों का निस्तारण करना है। इसके साथ ही आरटेट 2012 का मामला हाईकोर्ट में भी लंबित है। हाईकोर्ट के आदेश और राज्य सरकार के आदेश के बाद ही बोर्ड परिणाम जारी करने की स्थिति में आ सकेगा। बोर्ड प्रबंधन भी मान के चल रहा है कि पहले राज्य सरकार के आदेश मिलें।

Friday, October 5, 2012

हाईकोर्ट ने दागा सवाल, 'क्यों न रद्द कर दी जाए RTET 2012'

हाई कोर्ट ने आरटेट-2012 की परीक्षा से पहले ही बाजार में पेपर बिकने व अनियमितता के मामले में प्रमुख शिक्षा सचिव, पंचायतीराज सचिव व आरटेट समन्वयक को नोटिस जारी किए। अदालत ने इनसे पूछा कि क्यों न आरटेट-2012 को रद्द कर दिया जाए। न्यायाधीश एम.एन. भंडारी ने यह अंतरिम आदेश गुरुवार को कुलदीप सिंह राजपूत व अन्य की याचिका पर दिया।
अदालत ने निर्देश दिया कि परीक्षा का परिणाम याचिका के निर्णय के अधीन रहेगा। अधिवक्ता आरपी सैनी ने बताया कि आरटेट-2012 की विज्ञप्ति 10 जून को जारी हुई और परीक्षा 9 सितंबर को हुई, लेकिन परीक्षा के दिन ही मेड़ता सिटी में 200 रुपए में पेपर बिके। पुलिस ने इसकी रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
याचिका में कहा कि परीक्षा से पहले जोधपुर, झुंझुनूं और अन्य जगह पर पेपर लीक हुए थे। परीक्षा के अंक तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती में जोड़े जाते हैं ऐसे में परिणाम उन अभ्यर्थियों के अधिक अंक आएंगे, जिन्होंने परीक्षा से पहले ही पेपर देख लिया था।
यह अनियमितता अन्य अभ्यर्थियों के परिणाम को प्रभावित करेगी। लिहाजा परीक्षा को रद्द कर दुबारा कराया जाए। अदालत ने याचिका पर सुनवाई कर सरकार से जवाब मांगा।

Sunday, September 23, 2012

RTET पर्चा मामला: बोर्ड ने माना परीक्षा से पहले बाजार में आया पर्चा!


माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा (आरटेट) के पर्चा प्रकरण की गोपनीय रिपोर्ट राज्य सरकार को भेज दी है। अब सरकार इस मामले में अंतिम निर्णय करेगा।


बोर्ड की ओर से गठित जांच कमेटी के अध्यक्ष व बोर्ड के विशेषाधिकारी (परीक्षा) पीसी जैन और उपनिदेशक (गोपनीय) जीके माथुर ने लगभग 10 दिन में जांच पूरी कर बोर्ड प्रबंधन को सौंप दी है। सूत्रों का कहना है कि बोर्ड ने यह तो मान लिया कि आरटेट द्वितीय सत्र की परीक्षा का पेपर परीक्षा शुरू होने से पहले ही बाजार में आ गया था लेकिन इसका फैलाव अधिक नहीं हो पाया है। बोर्ड के सूत्र रिपोर्ट को सार्वजनिक करने से कतरा रहे हैं।


गौरतलब है कि 9 सितंबर को आयोजित आरटेट-12 के द्वितीय सत्र का पेपर मेड़ता सिटी और अन्य स्थानों पर परीक्षा शुरू होने से पूर्व ही बाजार में आ गया था। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई कर 11 लोगों को पकड़ा था। इस मामले में पुलिस अलग से जांच कर रही है। पुलिस की रिपोर्ट को भी इस मामले में अहम माना जा रहा है।

Saturday, August 25, 2012

RTET: प्रवेश पत्र आज से डाउनलोड कर सकेंगे अभ्यर्थी

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड 9 सितंबर को राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा-2012 (आरटेट) का आयोजन करेगा। इसके परीक्षा प्रवेश पत्र अभ्यर्थी रविवार से आरटेट की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे।

परीक्षा में 5 लाख 25 हजार 471 अभ्यर्थी भाग लेंगे। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सुभाष गर्ग ने पत्रकारों को बताया कि प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के लिए वेबसाइट लॉग इन कर अपना आवेदन पत्र अथवा बैंक चालान संख्या या रोल नं. अथवा आवेदन पत्र में अंकित स्वयं का नाम, पिता का नाम व जन्मतिथि फीड करनी होगी तत्पश्चात परीक्षा का प्रवेश पत्र डाउनलोड हो जाएगा।

गर्ग ने बताया कि आरटेट में इस वर्ष प्रथम और द्वितीय स्तर की परीक्षा में कुल 5 लाख 25 हजार 471 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। प्रथम स्तर की परीक्षा में 85,590 अभ्यर्थी और द्वितीय स्तर की परीक्षा में 4 लाख 48 हजार 457 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। वहीं 8 हजार 880 परीक्षार्थी दोनों स्तर की परीक्षाओं में भाग लेंगे।
 
फोटो युक्त आईडी पूफ्र अनिवार्य

परीक्षार्थी को अपने साथ फोटो युक्त आईडी पूफ्र लाना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थी परीक्षा कक्ष में अपने साथ रबड़, पेंसिल और पेन के अतिरिक्त कुछ भी नहीं ले जा सकेंगे। वीक्षक भी परीक्षा केंद्र में मोबाइल नहीं ले जा सकेंगें। केवल केंद्राधीक्षक और अतिरिक्त केंद्राधीक्षकों को परीक्षा केन्द्र में मोबाइल ले जाने की अनुमति दी जाएगी। उड़न दस्तों के गठन की कवायद जारी है।

कुल 1482 परीक्षा केंद्र

उन्होंने बताया कि प्रथम स्तर की परीक्षा के लिए प्रदेश में 174 और द्वितीय स्तर की परीक्षा के लिए 1 हजार 308 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रथम स्तर की परीक्षा सुबह 11 से 12:30 और द्वितीय स्तर की परीक्षा दोपहर 2:00 से 3:30 के मध्य होगी।

Tuesday, July 31, 2012

बैंक व आरटेट परीक्षा एक ही दिन, एक से वंचित होंगे अभ्यर्थी

आरटेट और बैंकों में ऑफिस असिस्टेंट भर्ती परीक्षा एक ही दिन होने से हजारों अभ्यर्थी कोई एक परीक्षा ही दे पाएंगे। दोनों परीक्षाएं 9 सितंबर को होंगी। अभ्यर्थियों ने आरटेट की तिथि आगे खिसकाने की मांग की है।  कई अभ्यर्थी ऐसे हैं, जिन्होंने दोनों परीक्षाओं का फॉर्म भरा है। अभ्यर्थी दोनों परीक्षाएं एक ही दिन नहीं दे सकता।

राजस्थान - सामान्य वर्ग में आरक्षित वर्ग को नियुक्ति से रोक हटी

हाईकोर्ट ने थर्ड ग्रेड टीचर भर्ती (लेवल वन) में सामान्य वर्ग के पदों पर आरक्षित वर्ग के उन अभ्यर्थियों की नियुक्ति पर लगी रोक हटा दी, जिनके आरटेट में 60 प्रतिशत से कम अंक थे, लेकिन ये नियुक्तियां याचिका के निर्णय के अधीन रहेंगी। न्यायाधीश एम.एन. भंडारी ने यह अंतरिम आदेश सोमवार को प्रेरणा जोशी की याचिका पर दिया। अदालत ने 7 जुलाई को आरक्षित वर्ग के आरटेट परीक्षा में 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों के सामान्य वर्ग में चयन व नियुक्ति पर रोक लगा दी थी।

सुनवाई के दौरान रा'य सरकार ने कहा कि थर्ड ग्रेड टीचर भर्ती परीक्षा में समान योग्यता वाले अभ्यर्थियों ने भाग लिया और परीक्षा में 20 प्रतिशत टैट के अंक जोड़े जाते हैं। यदि अधिक अंक लाने और 20 प्रतिशत टैट के अंक लाने पर यदि अभ्यर्थी सामान्य वर्ग में आता है तो उसे नकारा नहीं जा सकता, पूरी नियुक्ति प्रक्रिया नहीं रोकी जाए और रोक हटाई जाए। अदालत ने सरकार की दलीलों से सहमत होकर आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सामान्य वर्ग में नियुक्ति देने पर लगी रोक हटा दी। गौरतलब है कि याचिका में आरक्षित वर्ग के ऐसे अभ्यर्थियों को सामान्य वर्ग में चयन व नियुक्ति को चुनौती दी थी जिनके आरटेट परीक्षा में साठ प्रतिशत से कम अंक थे।

Tuesday, July 10, 2012

RTET-2012 में गत वर्ष से 1 लाख कम अभ्यर्थी बैठेंगे

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की नई कवायद के बाद इस बार राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा (आरटेट) 2012 में करीब 1 लाख अभ्यर्थी कम बैठेंगे। सोमवार शाम तक प्रदेश के करीब 5 लाख अभ्यर्थी आवेदन कर चुके थे।

कुछ शाखाओं पर अभ्यर्थियों की संख्या अधिक होने पर शाम 5 बजे बाद भी चालान जमा करने की सूचना बोर्ड को मिली है। बोर्ड सूत्रों के मुताबिक इस बार भी सबसे अधिक आवेदन जयपुर से ही हुए हैं।अन्य बड़े शहरों में भी संख्या काफी रही है। बोर्ड सचिव के मुताबिक करीब 5 लाख अभ्यर्थियों के ऑन लाइन आवेदन आ चुके हैं।

प्रदेश की विभिन्न बैंकों से मंगलवार तक सूचनाएं और प्राप्त होंगी। संभव है कि कुछ अभ्यर्थी और बढ़ जाएं। बोर्ड की ओर से आरटेट 2011 परीक्षा के लिए मांगे गए आवेदनों की संख्या 6 लाख 5 हजार थी। वहीं इस बार आंकड़ा करीब 5 लाख ही पहुंचा है।

मुख्य कारण : बोर्ड सूत्रों का कहना है कि इस बार बीएड धारियों को कोर्ट के आदेश पर लेवल टू की पात्रता परीक्षा में ही आवेदन पत्र भरने के निर्देश के कारण भी आवेदन की संख्या कम रही है। गत वर्ष बीएड डिग्रीधारी अभ्यर्थियों ने लेवल वन और लेवल टू दोनों की पात्रता परीक्षा में आवेदन किए थे। शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त अनेक अभ्यर्थी आरटेट 2011 में पात्रता प्राप्त कर चुके हैं। इन अभ्यर्थियों ने आवेदन किए ही नहीं।

Sunday, July 8, 2012

RTET 2012: आज दोपहर 2 बजे बाद बंद हो जाएंगे ऑनलाइन आवेदन

राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा (आरटेट) 2012 के लिए ऑनलाइन आवेदन सोमवार दोपहर 2 बजे बाद बंद हो जाएंगे। रविवार तक प्रदेश भर के करीब 6 लाख अभ्यर्थी आवेदन-पत्र डाउनलोड कर चुके थे।

  परीक्षा शुल्क बैंक चालान के माध्यम से शाम 5 बजे तक जमा कराया जा सकेगा। बोर्ड हार्ड कापी जमा कराने के लिए संग्रहण केंद्रों की घोषणा जल्द ही करेगा।

Friday, June 1, 2012

तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती - प्रवेश-पत्र नहीं मिलें तो जिला परिषद में दर्ज कराएं शिकायत

तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षा के लिए प्रवेश-पत्र नहीं मिलने वाले अभ्यर्थी अपनी शिकायत संबंधित जिला परिषद कार्यालय में शुक्रवार सुबह 11 बजे तक दर्ज करा सकते हैं। इसके बाद शिकायत दर्ज नहीं की जाएगी। पंचायतीराज विभाग की ओर से कहा गया कि शिकायत दर्ज कराने वाले अभ्यर्थियों के प्रवेश-पत्र अपलोड कर दिए जाएंगे। विभाग का कहना है कि सी टेट और आरटेट में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों जिनके संबंध में कोर्ट ने आदेश दिए, वे कोर्ट के आदेश की प्रति, शैक्षणिक योग्यता से संबंधित दस्तावेज, फोटो कॉपी और पांच फोटो के साथ जिला परिषद में संपर्क कर सकते। ऐसे अभ्यर्थियों के मैन्यू अल प्रवेश-पत्र परिषद से जारी किए जाएंगे।

Friday, May 25, 2012

टेट फर्स्ट लेवल पास बीएडधारी शिक्षक भर्ती परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेंगे

जोधपुर.हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश अरुण मिश्रा व न्यायाधीश संगीत लोढ़ा की खंडपीठ ने शुक्रवार को राज्य सरकार की अपील की सुनवाई में हाईकोर्ट के ही एकल पीठ के 19 मई 2012 को दिए गए उस आदेश पर रोक लगा दी है। जिसमें टेट के फर्स्ट लेवल पास बीएड धारकों को तृतीय श्रेणी परीक्षा में प्रवेश दिए जाने के आदेश दिए गए थे।

आदेश में यह भी कहा गया है कि इस अपील के साथ ही करीब 500 से अधिक याचिकाएं लंबित है जिनकी सुनवाई जुलाई माह में होनी है। राज्य सरकार चाहे तो भर्ती परीक्षा करवा सकती है, लेकिन इसके परिणाम उपरोक्त अपील व याचिकाओं के निस्तारण के अधीन रहेंगे। गौरतलब है कि राज्य सरकार की ओर से सूर्यप्रकाश व अन्य बनाम सरकार व वीराराम व अन्य बनाम सरकार याचिकाओं में न्यायाधीश गोपाल कृष्ण व्यास ने टेट के फर्स्ट लेवल में उत्तीर्ण बीएड धारकों को जून माह में आयोजित तृतीय श्रेणी अध्यापक भर्ती परीक्षा में शामिल किए जाने के आदेश जारी किए थे।

पहले एनसीटीई से मांगा था जवाब

अपील की सुनवाई के दौरान शुक्रवार को खंडपीठ ने पहले एनसीटीई से इस बात का स्पष्टीकरण मांगा था कि क्या वे 1 जनवरी 2012 के बाद में टैट के फर्स्ट लेवल पास बीएड धारकों को भर्ती परीक्षा में प्रवेश देने का इरादा है अथवा नहीं। 

Tuesday, May 22, 2012

राजस्थान में फिर संशय के घेरे में फंसी थर्ड ग्रेड शिक्षक भर्ती !

तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर फिर संशय बन गया है। राज्य सरकार ने टेट के फर्स्ट लेवल में पास बीएड डिग्रीधारकों को इस परीक्षा के योग्य ठहराने फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट की खंडपीठ में अपील दायर की है। दरअसल, इस मामले में जोधपुर में हाईकोर्ट की मुख्यपीठ व जयपुर पीठ ने अलग-अलग निर्णय दिए थे। जयपुर पीठ ने ऐसे अभ्यर्थियों को परीक्षा के अयोग्य माना था, जबकि जोधपुर मुख्यपीठ ने इन्हें योग्य ठहराया था।

शिक्षक भर्ती की परीक्षा भी 2 जून को है, ऐसे में मामला फिर कोर्ट में जाने से इस भर्ती परीक्षा पर संदेह के बादल गहरा गए हैं। राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता जीआर पूनिया ने अपील दायर की है। इसमें मामले के गुणावगुण स्तर पर नियमों के तहत आदेश पारित करने की गुहार की गई है। खंडपीठ में अपीलों की सुनवाई इसी सप्ताह हो सकती है।

2 जून को ही होगी परीक्षा

पंचायती राज विभाग के अनुसार शिक्षक भर्ती परीक्षा 2 जून को ही कराई जाएगी। अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र ऑनलाइन उपलब्ध कराने की तैयारी कर ली गई है। इसका काम पूरा होते ही इसकी सूचना जारी कर दी जाएगी।

Saturday, May 19, 2012

RTET के लेवल-I में पास बीएड भी शिक्षक भर्ती के योग्य

आरटेट के लेवल-I में पास बीएड डिग्रीधारक अब तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। राजस्थान हाईकोर्ट ने शनिवार को इस संबंध में आदेश जारी किए। न्यायाधीश गोपालकृष्ण व्यास ने कहा कि योग्यता के बावजूद केवल एक तारीख के बाद किसी योग्य व्यक्ति को अयोग्य घोषित करना उचित नहीं है। इस मामले में 17 मई को बहस पूरी हो गई थी, लेकिन कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था। बहस में कोर्ट ने एनसीटीई, राज्य सरकार तथा माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की दलीलें खारिज कर दी थीं।

मामले को लेकर वीराराम व अन्य ने याचिकाएं दायर की थीं। इन्होंने न्यायालय को बताया था कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 तथा एनसीटीई के नियमों के अनुसार टेट के फस्र्ट लेवल में उत्तीर्ण बीएड डिग्रीधारी तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षा- 2012 में कक्षा 1 से 5 तक अध्यापन कराने के योग्य हैं, जबकि राज्य सरकार ने 1 जनवरी 2012 तक ही इन अभ्यर्थियों को इस भर्ती परीक्षा के योग्य माना है। चूंकि, शिक्षक भर्ती परीक्षा के आवेदन इस साल फरवरी के अंत में मांगे गए थे, ऐसे में टेट के प्रथम स्तर में पास बीएड डिग्रीधारक अभ्यर्थी अयोग्य घोषित हो गए। राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता जीआर पूनिया, एनसीटीई के अधिवक्ता कुलदीप माथुर व बोर्ड के अधिवक्ता राकेश अरोड़ा ने सरकार के आदेश को नियमों के तहत बताते हुए कोर्ट से याचिकाएं खारिज करने को कहा था।

Saturday, May 12, 2012

'बीएड धारक थर्ड ग्रेड टीचर भर्ती (फर्स्ट लेवल) के योग्य नहीं'


हाईकोर्ट ने आरटेट के फर्स्ट लेवल में उत्तीर्ण बीएड धारकों को थर्ड ग्रेड टीचर भर्ती के फस्र्ट लेवल के योग्य नहीं माना है। हाईकोर्ट के न्यायाधीश एमएन भंडारी ने राजेश कुमार मीणा व अन्य की करीब एक हजार याचिकाओं को निस्तारित करते हुए कहा कि प्रार्थियों ने एनसीटीई की अधिसूचना को चुनौती नहीं दी है।

कोर्ट ने कहा कि ऐसे में जो भी प्रार्थी अभ्यर्थी एक जनवरी 2012 के बाद वांछित योग्यता नहीं रखते हैं। उसे परीक्षा के योग्य नहीं माना जा सकता। क्योंकि ये एक जनवरी 2012 तक ही नियुक्ति के लिए योग्य थे। कोर्ट ने कहा कि विशेष तौर पर उस स्थिति में जब न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता में शिथिलता का अधिकार दो परिस्थितियों में दिया जाता है- या तो योग्यताधारी अभ्यर्थी विज्ञप्ति में दिए गए पदों से कम हों या कोर्स कराने वाले संस्थान नहीं हो।

लेकिन यहां पर दोनों ही परिस्थितियां नहीं हैं। ऐसे में प्रार्थियों को नियमों में शिथिलता नहीं दी जा सकती। क्योंकि राज्य ने एनसीटीई से छूट का निवेदन किया था। लेकिन एनसीटीई ने मना कर दिया था। अदालत ने प्रार्थियों को छूट दी कि वे अधिसूचना व भर्ती नियमों को खंडपीठ में चुनौती दे सकते हैं।

 गौरतलब है कि पूर्व में प्रार्थियों को अस्थाई तौर पर थर्डग्रेड भर्ती परीक्षा में शामिल करने का निर्देश दिया था। प्रार्थियों का कहना था कि वे ग्रेजुएट व बीएड धारक हैं और आरटेट के लेवल प्रथम में उत्तीर्ण है। लेकिन उन्हें थर्ड ग्रेड टीचर भर्ती परीक्षा 2012 के लिए योग्य नहीं माना है। बीएसटीसी अभ्यर्थियों को ही परीक्षा के लेवल प्रथम के योग्य माना है।
प्रार्थियों ने कहा कि टीचर भर्ती परीक्षा में उन्हें शामिल नहीं करना कानूनी रूप से गलत है। क्योंकि एनसीटीई के नियमानुसार वे पहली से पांचवीं कक्षाओं को पढ़ाने के लिए योग्य हैं, लिहाजा उन्हें परीक्षा में शामिल करवाया जाए

Wednesday, April 25, 2012

राजस्थान - जुलाई में टेट, फिर होंगी 20 हजार भर्तियां

राज्य सरकार प्रदेश में शिक्षक भर्ती के दूसरे चरण में 20 हजार भर्तियां करने से पहले टेट का आयोजन करेगी। इसका आयोजन जुलाई में होगा और नोडल एजेंसी माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ही रहेगा। बोर्ड के सैकंडरी और सीनियर सैकंडरी परीक्षाओं के परिणाम घोषित होने के साथ ही टेट के लिए तैयारियां शुरू कर दी जाएंगी। प्रदेश में फिलहाल प्रक्रियाधीन 41 हजार शिक्षकों की भर्ती में महज तीन लाख टेट उत्तीर्ण अभ्यार्थियों के शामिल होने से सरकार पर अगली टेट को लेकर भारी दबाव है।

शिक्षक भर्ती का दूसरा चरण शुरू होने से पहले ही टेट का आयोजन कर परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। इससे बड़ी संख्या में छात्रों को शिक्षक भर्ती में शामिल होने का मौका मिल सकेगा। इस संबंध में विभागीय स्तर पर फैसला कर लिया गया है।  टेट जुलाई के अंतिम सप्ताह में संभावित है और इसकी तिथि कुछ दिनों में तय कर ली जाएगी। फिलहाल बोर्ड की पहली प्राथमिकता समय पर परिणाम तैयार करना है, ऐसे में जल्दबाजी में टेट नहीं कराई जा सकती। अगली टेट में उन अभ्यार्थियों को भी अंक सुधार का मौका मिलेगा जो कम अंकों से उत्तीर्ण हुए हैं। शिक्षक भर्ती में टेट का 20 प्रतिशत अंक भार होने से यह चयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Monday, March 19, 2012

टैट के लेवल फस्र्ट में पास को टीचर भर्ती में शामिल करें - राजस्थान हाईकोर्ट

टैट के लेवल फस्र्ट में पास छात्रों को टीचर भर्ती में शामिल करें
हाईकोर्ट के निर्देश, प्रमुख शिक्षा सचिव को नोटिस जारी 

आरटेट (RTET) का लेवल प्रथम उत्तीर्ण करने वाले प्रार्थी बीएड धारकों को हाईकोर्ट ने अस्थाई तौर पर थर्ड ग्रेड टीचर भर्ती परीक्षा 2012 (लेवल प्रथम) में शामिल करने का निर्देश दिया है। साथ ही प्रमुख शिक्षा सचिव, ग्रामीण व पंचायती राज सचिव व प्रांरभिक शिक्षा निदेशक सहित पांच को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
न्यायाधीश मोहम्मद रफीक ने यह अंतरिम आदेश सोमवार को राजेश कुमार मीणा व अन्य की याचिका पर दिया। अधिवक्ता अंशुमान सक्सेना ने बताया कि प्रार्थी ग्रेजुएट व बीएड धारक हैं और आरटेट के लेवल प्रथम में उत्तीर्ण हैं, लेकिन उन्हें थर्ड ग्रेड टीचर भर्ती परीक्षा 2012 के लिए योग्य नहीं माना है।
बीएसटीसी अभ्यर्थियों को ही परीक्षा के लेवल प्रथम के योग्य माना है। टीचर भर्ती परीक्षा में उन्हें शामिल नहीं करना कानूनी रूप से गलत है क्योंकि एनसीटीई नियमानुसार वे पहली से पांचवीं कक्षाओं को पढ़ाने के लिए योग्य हैं, लिहाजा उन्हें परीक्षा में शामिल करवाया जाए। अदालत ने प्रमुख शिक्षा सचिव सहित अन्य को नोटिस जारी किए।

Thursday, January 5, 2012

आरटेट मामला - सरकार ने पक्ष रखा, सुनवाई आज 6 जनवरी को भी जारी

आरटेट मामले में एकलपीठ के अंतरिम आदेश को चुनौती देने वाली राज्य सरकार की विशेष अपील याचिका पर गुरुवार को मुख्य न्यायाधीश अरुण मिश्रा व न्यायाधीश बेला एम. त्रिवेदी की खंडपीठ में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार के अतिरिक्त महाधिवक्ता एन.ए. नकवी ने कहा कि राज्य सरकार को यह अधिकार है कि वह निशक्तजनों, आरक्षित वर्ग व महिलाओं को न्यूनतम अर्हता में रियायत दे सकती है। ऐसे में साठ प्रतिशत से कम अंक वाले आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को आरटेट प्रमाण पत्र जारी नहीं करना गलत है। खंडपीठ सरकार की दलीलों के बाद मामले में शुक्रवार को भी सुनवाई जारी रखेगी।

Saturday, September 10, 2011

राजस्थान टेट के ढाई लाख प्रमाण-पत्र अटके

  राजस्थान शिक्षक पात्रता परीक्षा (आरटेट) के करीब 2.50 लाख प्रमाण-पत्र अब अटक गए हैं। हाई कोर्ट के आरटेट में 60 प्रतिशत से कम अंक लाने वाले आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थी के संबंध में दिए गए दिशा-निर्देशों के बाद राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने फिलहाल इन प्रमाण-पत्रों को रिलीज करने पर रोक लगा दी है।
   आरटेट उत्तीर्ण करने वाले करीब ढाई लाख छात्रों के प्रमाण-पत्र तैयार कराए जाने की प्रक्रिया जारी है। बोर्ड जल्द ही प्रमाण-पत्रों को रिलीज करने वाला था, लेकिन फिलहाल कोर्ट के निर्देशों के तहत इन्हें रोक दिया गया है। अब प्रमाण-पत्रों को रिलीज करने की कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। इस परीक्षा को उत्तीर्ण करने के बाद ही छात्र थर्ड ग्रेड शिक्षक बनने के योग्य हो सकेगा। 

इधर शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार प्रमाण-पत्र रिलीज होने पर लगी रोक के कारण अब थर्ड ग्रेड भर्ती परीक्षा आयोजित करने की तैयारी भी प्रभावित हो सकती है