Monday, June 24, 2013

महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (MDU) सत्र 2013-2014 के लिए आनॅलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी

महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2013-2014 के लिए आनॅलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है। विश्वविद्यालय शैक्षणिक विभागों (यूटीडी) तथा इंदिरा गांधी पीजी रीजनल सेंटर, मीरपुर (रेवाड़ी) में एमए, एमकाम, एमएससी आदि पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 29 जून तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। आनॅलाइन पंजीकरण प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरा होने उपरांत वेबसाइट से प्रवेश आवेदन की कंप्यूटर-जनित कॉपी डाउनलोड कर संबंधित विभाग में जमा करानी होगी। यह हार्ड कॉपी आनॅलाइन आवेदन की अंतिम तिथि के सात दिन तक जमा करानी होगी। विद्यार्थियों की मदद के लिए हेल्प डेस्क डीडीई भवन में स्थापित किए गए हैं।

Friday, June 21, 2013

हरियाणा शिक्षा बोर्ड - एनरोलमेंट से लेकर रिजल्ट, सारा काम ऑन लाइन होगा

कार्य की अधिकता और कर्मचारियों से जूझ रहे हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड प्रशासन ने पूरे काम को ऑन लाइन करने का निर्णय लिया है। यानी एनरोलमेंट से लेकर रिजल्ट घोषित होने तक का सारा काम ऑन लाइन होगा। यह प्रक्रिया अंतिम चरण में हैं।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड पर पिछले कुछ वर्षों से कार्य अधिकता और कर्मचारियों की कमी की समस्या हावी हो रही थी। इस कारण बोर्ड परीक्षाओं का जहां परिणाम देरी से हो रहा था, वहीं अन्य कार्य जैसे पुनर्जांच, पुनर्मूल्यांकन, एचटेट की प्रक्रिया में भी खासी देरी हो रही थी।

करीब महीने भर पहले बोर्ड के नए चेयरमैन डा. केसी भारद्वाज व सचिव डा. अंशज सिंह ने कार्यभार संभाला। उन्होंने इसे बड़ी समस्या पाया। इसके बाद बोर्ड के सारे कार्य को ऑन लाइन करने का निर्णय लिया गया। बोर्ड ने सारे कार्य को ऑन लाइन करने के लिए ओपन टेंडर मांगे, जिनमें दो ही कंपनियां टीसीए व एक अन्य ही बोर्ड की शर्तों पर खरा उतर पाई। अब इन्हीं दो कंपनियों में से आगामी एक- दो दिन में एक को बोर्ड का सिस्टम ऑन लाइन करने का जिम्मा सौंपा जाएगा।

बोर्ड की योजना के अनुसार बोर्ड कक्षाओं मैट्रिक, सीनियर सेकंडरी का परिणाम, हरियाणा ओपन स्कूल, पुनर्जांच, पुनर्मूल्यांकन आदि सभी कार्य कंपनी के माध्यम से ऑन लाइन करवाए जाएंगे। सभी स्कूलों की भी आईडी बनाई जाएगी। इससे जहां कार्य समय पर होने की संभावना है वहीं बोर्ड कर्मचारियों से भी अतिरिक्त कार्य का बोझ कम होगा।

Thursday, June 20, 2013

डीयू (DU) के सेंट स्टीफंस कॉलेज की कटऑफ लिस्ट जारी

डीयू के सेंट स्टीफंस कॉलेज ने अपनी कटऑफ लिस्ट जारी कर दी है। कॉलेज के आठ में से सात कोर्सेज में दाखिलों के लिए इस दफा बीते साल से ज्यादा अंक चाहिए होंगे। अलग-अलग कोर्सेज की कटऑफ में 0.25 से लेकर 4.5 फीसदी तक की उछाल दर्ज की गई है। केवल संस्कृत ऑनर्स की कटऑफ ही पिछले साल जैसी है।
इस बार सबसे अधिक उछाल फिलॉस्फी ऑनर्स के सामान्य वर्ग में रही। बीते साल की तुलना में यह 4 फीसदी ज्यादा है। हालांकि बीते साल इसी कोर्स की कटऑफ में 7 फीसदी की तेजी आई थी। इस कटऑफ के आधार पर अब 21 जून को इंटरव्यू लिस्ट जारी की जाएगी। इसके बाद 24 जून से इंटरव्यू शुरू होंगे। जिसके आधार पर दाखिले होंगे।

एमडीयू (MDU) ने जारी की नेट परीक्षा केंद्रों की सूची

देश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर 30 जून को लेक्चरर शिप व जूनियर लेक्चरर शिप के लिए होने वाली यूजीसी नेट परीक्षा केंद्र महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय की ओर से यूनिवर्सिटी की वेब साइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। आवेदक अपना नाम, पिता का नाम व रोल नंबर से अपना परीक्षा केंद्र प्राप्त कर सकता है व परीक्षा केंद्र अलाट की गई स्लिप का प्रिंट ले सकता है।

Tuesday, June 18, 2013

हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) - भाषा नियम को हाई कोर्ट में चुनौती

अगले सप्ताह होने वाली हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा पर फिर संकट के बादल छा गए हैं। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित इस परीक्षा की स्कीम आफ एग्जाम को हाई कोर्ट में चुनौती दी गई है। हिसार जिले के सत्यवान व अन्य ने हाई कोर्ट में याचिका दायर कर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए स्कीम आफ एग्जाम के लिए जारी किए गए उस निर्देश को रद करने की मांग की गई है जिसके तहत पेपर एक में अंग्रेजी को अनिवार्य कर दिया गया है। पहले यह भाषा हिंदी थी। नियम के अनुसार पेपर एक के रूप में उसी भाषा में परीक्षा होती है जिसमें अध्यापकों को बच्चों को पढ़ाना होता है। मामले की सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता के वकील पदम कांत द्विवेदी ने कोर्ट को बताया कि इस मामले में हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड ने हरियाणा पात्रता परीक्षा के लिए जो सिलेबस सिस्टम अपनाया है, वह पूर्ण रूप से नियमों के खिलाफ है। बोर्ड ने शिक्षा विभाग, नेशनल काउंसिल आफ टीचर एजुकेशन व राज भाषा के नियम को ताक पर रख कर इस परीक्षा में अंग्रेजी को मुख्य भाषा पेपर एक तय किया है और इसमें सभी छात्रों को पास करना भी जरूरी किया है। बहस के दौरान द्विवेदी ने कोर्ट को बताया कि अभी तक जितनी बार भी अध्यापक पात्रता परीक्षा हुई है, इसमें हिंदी को मुख्य पेपर भाषा एक में रखा जाता था तथा अन्य भाषा को पेपर दो में रखा जाता था। याचिका के अनुसार नेशनल काउंसिल आफ टीचर एजुकेशन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शिक्षा के अधिकार के तहत बच्चों को प्राथमिक शिक्षा उनकी मातृ भाषा में दी जाए व पेपर एक भाषा पढ़ाने के लिए माध्यम होगा। लेकिन बोर्ड ने पेपर एक में अंग्रेजी व पेपर दो में हिंदी, संस्कृत, पंजाबी या उर्दू में से एक भाषा को चुनने को कहा है जिस कारण हिंदी को अनावश्यक घोषित कर दिया है। याचिका में कहा गया है कि संस्कृत, पंजाबी व हिंदी भाषा के अध्यापकों के लिए भी पेपर एक पास करना जरूरी हो गया है। इसी तरह कक्षा एक से पांच के अध्यापकों को भी केवल हिंदी भाषा में बच्चों को पढ़ाना है लेकिन बोर्ड ने उनको भी अंग्रेजी पेपर एक पास करना जरूरी कर दिया। कोर्ट से आग्रह किया किया कि जब तक नियमों के अनुसार हिंदी भाषा एक का आदेश जारी नहीं किया जाता तब तक अगले सप्ताह होने वाली इस परीक्षा पर रोक लगाई जाए। याचिकाकर्ता के वकील की दलील सुनने के बाद जस्टिस ए जी मसीह ने हरियाणा के शिक्षा सचिव, निदेशक स्कूली शिक्षा विभाग, सचिव हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड व नेशनल काउंसिल आफ टीचर एजुकेशन को 24 जून के लिए नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (MDU) ने नेट परीक्षा केंद्र आवंटित किए

महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय ने 30 जून को आयोजित की जाने वाली यूजीसी नेट-जेआरएफ परीक्षा के लिए अभ्यार्थियों को परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिए हैं।परीक्षार्थियों के परीक्षा केंद्र संबंधित विवरण मदवि वेबसाइट पर उपलब्ध रहेंगे। अभ्यार्थियों को यूजीसी की वेबसाइट से डाउन लोड किए हुए प्रवेश पत्र की हार्ड कॉपी अपने साथ परीक्षा केंद्र में लानी होगी। इसके साथ ही प्रत्येक अभ्यार्थी के पास फोटो व परिचय पत्र होना चाहिए। किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर अभ्यार्थी मदवि के संचालन शाखा से संपर्क कर सकते है।

Saturday, June 15, 2013

एचटेट (HTET) पर नजर रखेंगे 115 उड़नदस्ते

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड प्रशासन ने एचटेट में गड़बड़ी रोकने के लिए इस बार 115 उड़नदस्ते गठित किए हैं, वहीं पहली बार प्रदेश के एक से अधिक लेवल में आवेदन करने वालों को बोर्ड प्रशासन ने राहत प्रदान की है। एक से अधिक लेवल में आवेदन करने वालों को इस बार किसी दूसरे शहर में भटकने की आवश्यकता नहीं होगी, बल्कि उसी शहर और उसी परीक्षा केंद्र में ही एचटेट देने का मौका दिया जाएगा। इस बार भी एचटेट शांतिपूर्वक आयोजित करने के लिए शिक्षा बोर्ड प्रशासन ने प्रदेश के सभी डीसी व एसपी के उड़नदस्ते गठित किए हैं। इनके अलावा शिक्षा विभाग के उच्चधिकारियों के भी उड़नदस्ते एचटेट में निगरानी रखेंगे। एसडीएम व जिला शिक्षा अधिकारियों के उड़नदस्ते भी अपने अधीनस्थ क्षेत्रों के परीक्षा केंद्रों पर निगरानी करेंगे। शिक्षा बोर्ड सचिव अशंज सिंह ने कहा कि इस बार अलग-अलग लेवल के लिए आवेदन करने वाले छात्रों को एक शहर से बाहर परीक्षा देने नहीं जाना पड़ेगा।