Monday, May 28, 2012

हरियाणा प्रदेश में तबादलों पर एक महीने के लिए रोक हटी

हरियाणा के सरकारी कर्मचारियों के लिए तबादलों पर रोक हट गई है। सरकार ने राज्य के सभी श्रेणी के सरकारी कर्मचारियों के सामान्य तबादलों पर लगी रोक को एक महीने के लिए हटा लिया है। अब पहली जून से 30 जून के बीच तबादले हो सकेंगे। सम्बन्धित विभागों के मंत्री अन्य नीतिगत मानदंडों के तहत पहली जून से 30 जून तक द्वितीय श्रेणी- स्तर तक के कर्मचारियों/ अधिकारियों के तबादले करने के लिए सक्षम होंगे।

थर्ड ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा : लेवल वन के प्रवेश-पत्र अपलोड

थर्ड ग्रेड शिक्षक भर्ती के लिए लेवल वन परीक्षा के अभ्यर्थियों के प्रोविजनल प्रवेश-पत्र सोमवार को पंचायतीराज विभाग ने वेबसाइट पर अपलोड कर दिए। परीक्षा दो जून को होगी। परीक्षा केन्द्र पर प्रवेश पत्र के साथ नवीनतम पासपोर्ट फोटो और फोटोयुक्त पहचान पत्र लेकर जाने पर ही परीक्षा में बैठने दिया जाएगा।
परीक्षार्थी अपनी एप्लीकेशन आईडी और जन्मतिथि प्रविष्ट कर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। अभ्यर्थी अपना टोकन नंबर व जन्मतिथि प्रविष्ट कर ऑनलाइन आवेदन की स्थिति देख सकते
है। साथ ही सूचना, प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग में हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। इसके टेलीफोन नंबर 0141-2221482, 0141-4012244 व 0141-4032244 हैं। यदि अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन पत्र का आईडी नंबर एवं टोकन नंबर भूल गया है अथवा खो गए हो तो हेल्प डेस्क से संपर्क कर सकता है।

Sunday, May 27, 2012

राजस्थान थर्ड ग्रेड शिक्षक भर्ती - बीएड को प्रथम लेवल के प्रवेश पत्र नहीं

तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षा के प्रथम लेवल के लिए सोमवार दोपहर बाद प्रवेश-पत्र डाउन लोड किए जा सकेंगे, लेकिन बीएड डिग्रीधारकों को प्रवेश-पत्र जारी नहीं होंगे। हाईकोर्ट की बैंच ने हाल ही टेट के फस्र्ट लेवल में पास बीएडधारियों को इस परीक्षा में प्रवेश नहीं देने के निर्देश दिए थे। परीक्षा दो जून को है। बीएड डिग्रीधारियों के प्रवेश पत्र जारी नहीं होने से इस परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की संख्या आधी रह जाने की संभावना है।
 
एनसीटीई के प्रावधानों के अनुसार प्रथम लेवल में सिर्फ बीएसटीसी धारकों के लिए ही प्रवेश-पत्र जारी किए जाएंगे। बीएसटीसी की डिग्री के साथ जिन अभ्यर्थियों के पास बीएड डिग्री या कोई समकक्ष डिग्री है, उनके प्रवेश पत्र भी जारी होंगे। सिर्फ बीएड और टेट का फस्र्ट लेवल पास अभ्यर्थी फिलहाल इस परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेंगे। हालांकि, अभी इनके बारे में कोर्ट में फैसला होना बाकी है। कोर्ट जो तय करेगा, वैसा ही किया जाएगा। उधर, इस भर्ती परीक्षा में 6 दिन शेष रह जाने के बावजूद प्रवेश-पत्र जारी नहीं होने से अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति थी।

अभ्यर्थियों ने जिला परिषदों तथा जयपुर स्थित पंचायती राज विभाग के कार्यालय में भी चक्कर लगाने शुरू कर दिए थे। तृतीय श्रेणी शिक्षकों की भर्ती में प्रथम लेवल में सामान्य शिक्षकों के 10,553 और विशेष शिक्षकों के 447 पद रिक्त हैं। इन पदों के लिए 6,02,019 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें बीएसटीसी के अलावा बीएड डिग्रीधारी भी थे।

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं भी होंगी ऑनलाइन

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड आने वाले समय में ऑनलाइन परीक्षा प्रणाली अपनाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए शिक्षा बोर्ड के आइटी सेल को अत्याधुनिक प्रणाली से लैस करने की कवायद शुरू हो गई है। सेल में आइटी विशेषज्ञों को नियुक्त किया जाएगा ताकि भविष्य में बोर्ड ऑनलाइन परीक्षा प्रणाली शुरू करे तो किसी तरह की कोई परेशानी न हो। इस मुद्दे पर 21 मई को चंडीगढ़ में हुई बोर्ड निदेशकों की बैठक में सहमति बन चुकी है। यहां उल्लेखनीय है कि अभी बोर्ड ने हरियाणा ओपन स्कूल में ऑन डिमांड परीक्षा प्रणाली लागू की है। इसके तहत तैयारी पूरी हो चुकी है। इस प्रणाली के तहत आवेदन भी मांगे जा चुके हैं। शुरुआत में यह परीक्षा मैनुअली आयोजित की जाएगी। बाद में आनलाइन होगी। हरियाणा ओपन स्कूल के बाद शिक्षा बोर्ड मुख्य परीक्षा संचालन में भी ऑनलाइन परीक्षा प्रणाली शुरू करने पर विचार कर रहा है।

Saturday, May 26, 2012

हरियाणा में अब निजी और सेवानिवृत्त शिक्षक करेंगे मूल्यांकन

दसवीं व बारहवीं कक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन अब सरकारी स्कूलों के अध्यापकों व स्कूल लेक्चरर के हाथों से वापस ले लिया गया है। हाल में शिक्षकों के विरोध के कारण मूल्यांकन में हुई देरी के कारण बोर्ड के निदेशक मंडल ने मूल्यांकन कार्य अब सेवानिवृत्त व निजी स्कूलों के शिक्षकों से कराने का निर्णय लिया है। मूल्यांकन करने के इच्छुक शिक्षकों को शिक्षा बोर्ड में रजिस्ट्रेशन कराना होगा। बोर्ड प्रशासन ने अभी से ही आवेदन मांगने शुरू कर दिए हैं और अगले सेमेस्टर की परीक्षाओं में मूल्यांकन का जिम्मा इन्हीं के हवाले कर दिया जाएगा। आवेदन फार्म का फार्मेट शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जा रहा है। शिक्षा बोर्ड अब मूल्यांकन उन्हीं शिक्षकों से करवाएगा,जो इच्छुक होंगे। मूल्यांकन करने वाले सेवानिवृत्त शिक्षकों की उम्र 58 से 65 साल के बीच ही होगी। गौरतलब है कि हाल ही में मूल्यांकन कार्य को लेकर शिक्षा बोर्ड प्रशासन व अध्यापकों के बीच काफी लंबी खींचतान चली थी। स्कूल लेक्चरर ने भी लंबा आंदोलन चलाया था। इस कारण काफी दिन तक मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार रहा और बोर्ड प्रशासन को मूल्यांकन कार्य में देरी का सामना करना पड़ा।

हरियाणा बोर्ड - 10वीं का परिणाम 3 जून को

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड कप्रशासन ने परिणाम घोषित करने के लिए संभावित तिथि तय कर दी है। 3 जून को दसवीं और 7 या 8 जून को बारहवीं कक्षा का परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।

Friday, May 25, 2012

टेट फर्स्ट लेवल पास बीएडधारी शिक्षक भर्ती परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेंगे

जोधपुर.हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश अरुण मिश्रा व न्यायाधीश संगीत लोढ़ा की खंडपीठ ने शुक्रवार को राज्य सरकार की अपील की सुनवाई में हाईकोर्ट के ही एकल पीठ के 19 मई 2012 को दिए गए उस आदेश पर रोक लगा दी है। जिसमें टेट के फर्स्ट लेवल पास बीएड धारकों को तृतीय श्रेणी परीक्षा में प्रवेश दिए जाने के आदेश दिए गए थे।

आदेश में यह भी कहा गया है कि इस अपील के साथ ही करीब 500 से अधिक याचिकाएं लंबित है जिनकी सुनवाई जुलाई माह में होनी है। राज्य सरकार चाहे तो भर्ती परीक्षा करवा सकती है, लेकिन इसके परिणाम उपरोक्त अपील व याचिकाओं के निस्तारण के अधीन रहेंगे। गौरतलब है कि राज्य सरकार की ओर से सूर्यप्रकाश व अन्य बनाम सरकार व वीराराम व अन्य बनाम सरकार याचिकाओं में न्यायाधीश गोपाल कृष्ण व्यास ने टेट के फर्स्ट लेवल में उत्तीर्ण बीएड धारकों को जून माह में आयोजित तृतीय श्रेणी अध्यापक भर्ती परीक्षा में शामिल किए जाने के आदेश जारी किए थे।

पहले एनसीटीई से मांगा था जवाब

अपील की सुनवाई के दौरान शुक्रवार को खंडपीठ ने पहले एनसीटीई से इस बात का स्पष्टीकरण मांगा था कि क्या वे 1 जनवरी 2012 के बाद में टैट के फर्स्ट लेवल पास बीएड धारकों को भर्ती परीक्षा में प्रवेश देने का इरादा है अथवा नहीं।