Monday, January 19, 2015

हरियाणा में 22 को स्कूलों में अवकाश घोषित

हरियाणा सरकार ने 22 जनवरी को प्रदेश के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को अवकाश घोषित कर दिया है। इस दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पानीपत से ‘बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ’ योजना की शुरूआत करेंगे। इसके तहत आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों में अध्यापकों और विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए राज्य के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश की घोषणा की गई है।

Friday, January 2, 2015

महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी सेमेस्टर सिस्टम को बंद करने की तैयारी

कॉलेजों में सेमेस्टर सिस्टम बंद हो सकता है। महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी (एमडीयू) समेत प्रदेश के अन्य यूनिवर्सिटी के कॉलेज पुराने वार्षिक सिस्टम पर लौट सकते हैं। कॉलेजों के सेमेस्टर सिस्टम में हो रही गड़बड़ी को लेकर उच्चतर शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी कॉलेजों के प्रिंसिपलों से पांच जनवरी तक ऑनलाइन राय मांगी है। दस जनवरी को इस बाबत उच्चतर शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव व अन्य आला अधिकारियों के साथ बैठक की जाएगी। उच्चतर शिक्षा विभाग ने सभी कॉलेज प्रिंसिपलों से पूछा है कि सेमेस्टर सिस्टम में क्या अच्छाई और खामियां है? सेमेस्टर सिस्टम में क्या बदलाव कर इसे बेहतर बनाया जा सकता है? सेमेस्टर सिस्टम और वार्षिक सिस्टम में कौन बेहतर है और क्यों? पांच जनवरी तक जवाब मिलने के बाद उच्चतर शिक्षा विभाग इस पर मंथन शुरू करेगा। दस जनवरी को बैठक के बाद इस पर आगे विचार विमर्श करने के लिए एक कमेटी का भी गठन किया जाएगा।

चंडीगढ़ प्रशासन में होगी 300 क्लर्क की भर्ती

यूटी प्रशासन इस साल युवाओं के लिए नौकरियों का तोहफा लेकर आया है। प्रशासन के विभिन्न विभागों में 250 से अधिक स्थायी क्लर्क और स्टेनोग्राफर की भर्ती की जाएगी। करीब 300 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसकी जिम्मेदारी डायरेक्टर हायर एजुकेशन को दी गई है। जनवरी के दूसरे हफ्ते तक इन पदों का विज्ञापन जारी हो जाएगा।

हरियाणा में नए साल से तबादलों का दौर हुआ शुरू

नए साल के पहले दिन से ही हरियाणा में सरकारी कर्मचारियों के तबादलों का दौर शुरू हो गया है। सरकार ने वीरवार को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (हुडा) के 582 कर्मचारियों के तबादले के आदेश जारी कर दिए। सरकार ने इसी माह सभी विभागों के कर्मचारियों के तबादला का फैसला लिया हुआ है, जिनके लिए विभाग प्रमुखों को 7 जनवरी तक संबंधित मंत्रियों के समक्ष कर्मचारियों की सूचियां पेश करने के लिए कहा गया है।
सरकारी प्रवक्ता का कहना है कि प्रदेश में भ्रष्टाचार दूर करने और पादर्शिता लाने के लिए ऐसा कदम उठाया जा रहा है ताकि पिछली सरकार के प्रशासन का निचले स्तर पर भी बदलाव किया जा सके। हुडा में भी सरकार को समय-समय पर भ्रष्टाचार की शिकायतें मिलती रही है।

Tuesday, December 16, 2014

एचसीएस भर्ती में इंटरव्यू में बुलाए उम्मीदवारों के अंक तलब

हरियाणा में चौटाला शासन के दौरान हुई 65 एचसीएस अधिकारियों की भर्ती में गड़बड़ी के मामले पर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने इंटरव्यू में बुलाए सभी 195 उम्मीदवारों के अंक तलब कर लिए हैं। जस्टिस राजीव भल्ला व बीएस वालिया की डिवीजन बेंच ने इसके साथ ही मामले से जुड़े सभी वादी व प्रतिवादियों के वकीलों को बुधवार को सुनवाई के दौरान कोर्ट में मौजूद रहने को कहा है।
डिवीजन बेंच ने याचिकाकर्ता करण सिंह दलाल के वकील कमलजीत सिंह से पूछा कि आरोप लगाया गया है कि लिखित परीक्षा में अधिक अंक पाने वाले दक्ष उम्मीदवारों को इंटरव्यू में कम अंक देकर मेरिट में पीछे धकेला गया। लिहाजा, वह बुधवार को उन सभी 195 उम्मीदवारों के लिखित परीक्षा व इंटरव्यू के अंक पेश करें, जिन्हें इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था। बेंच ने मामले की सुनवाई बुधवार को भी जारी रखने का फैसला लेते हुए सभी याचिकाकर्ता व प्रतिवादियों के वकीलों को सुनवाई के दौरान मौजूद रहने के निर्देश दिए।

Friday, December 12, 2014

सरकारी स्कूलों में सूचना तकनीकी की पढ़ाई

देश का सूचना प्रौद्योगिकी व कौशल विकास नेटवर्क आइसेक्ट केंद्र की छात्रवृति योजना उच्चतर शिक्षा कार्यक्रम के तहत हरियाणा के सात जिलों के 33 स्कूलों में नेशनल वोकेशनल एजुकेशन क्वालिफिकेशन फ्रेमवर्क प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा। इन सात जिलों में भिवानी, हिसार, महेंद्रगढ़, खेरी, सोनीपत, पंचकूला और यमुनानगर को शामिल किया गया है।नेशनल वोकेशनल एजुकेशन क्वालिफिकेशन फ्रेमवर्क ज्ञान के विभिन्न स्तरों के आधार पर योग्यता को संगठित कर रहा है। इसमें कौशल का भी समावेश किया गया है। यह स्तर प्रशिक्षु (लर्नर) के सीखने के परिणामों के आधार पर परिभाषित किए गए हैं। इसका अर्थ है कि प्रशिक्षु के पास क्षमताएं होनी चाहिए। इस एनवीईक्यूएफ. फ्रेमवर्क के अंतर्गत आइसेक्ट को प्रदेश सरकारके डायरेक्टर ऑफ स्कूल एजुकेशन ने आइटी और आइटीईएस एंड सॉफ्टवेयर कोर्सेस को हरियाणा केस्कूलों की 9वीं व 12वीं कक्षा में समावेश करने के लिए अधिकृत किया है।

Wednesday, December 3, 2014

हरियाणा में मंत्रियों को मिला सी श्रेणी के कर्मियों के तबादलों का अधिकार

हरियाणा सरकार ने बुधवार को सभी मंत्रियों को उनके विभागों में तबादलों का अधिकार दे दिया। मनोहर सरकार के मंत्री अब अपने विभागों के सी श्रेणी के कर्मचारियों के तबादला कर सकेंगे।
 3 से 19 दिसंबर तक मंत्रियों को यह अधिकार दिए गए हैं। प्रथम व द्वितीय श्रेणी के तबादलों का अधिकार मुख्यमंत्री ने अपने पास रखा है।
 स्कूलों में शैक्षणिक सत्र बीच में होने के कारण शिक्षण स्टाफ के तबादला आदेश बाद में जारी किए जाएंगे।
करीब दो लाख कर्मियों पर असर
 सी श्रेणी के पौने दो से दो लाख कर्मचारी मंत्रियों से मनमाफिक जगह पर तबादला करा सकते हैं। इन तबादलों में भाजपा से जुड़े कर्मचारियों को अधिक तवज्जो मिलने की संभावना है। साथ ही विधायकों की सिफारिश को भी पूरी तरजीह मिलने की उम्मीद की जा रही है।
भाजपा समर्थक होंगे एडजेस्ट
तबादला अवधि के दौरान कांग्रेस या दूसरे दलों से समर्थित कर्मचारियों को विभागों के अच्छे पदों से हटाया जा सकता है। कांग्रेस सरकार के पहले कार्यकाल में भी इस तरह से मंत्रियों को तबादलों के अधिकार दिए गए थे। उस दौरान कई कर्मचारी नेताओं का तबादला दूर-दराज क्षेत्रों में किए जाने पर सरकार को विरोध का सामना करना पड़ा था।