Friday, January 18, 2013

हरियाणा - 19 साल के भीतर छह हजार भर्तियां रद

प्रदेश में पिछले 19 साल के भीतर करीब छह हजार भर्तियां पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा रद की गई हैं। इस अवधि में 9000 जेबीटी टीचर ऐसे हैं, जिनके प्रमाणपत्रों की जांच चल रही है। हाई कोर्ट के निर्देश पर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी के अधिकारियों को इसी साल अगस्त तक यह जांच पूरी कर रिपोर्ट देनी है। सिर्फ चौधरी ओमप्रकाश चौटाला ही ऐसे मुख्यमंत्री नहीं हैं जिनके कार्यकाल में हुई भर्तियों को रद किया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल, स्व. भजनलाल और वर्तमान मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कार्यकाल में हुई भर्तियों को भी हाई कोर्ट द्वारा अलग-अलग कारणों से रद किया जा चुका है। 1994 में नियुक्त किए गए 1248 पटवारियों की भर्ती को हाईकोर्ट द्वारा रद किया जा चुका है। भजनलाल के कार्यकाल में यह भर्तियां हुई थीं। उसके बाद बंसीलाल के कार्यकाल में 1999 में हुई 1056 पटवारियों की भर्तियों को हाईकोर्ट ने रद कर दिया था। पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के कार्यकाल में 2004 में हुई 819 कांस्टेबल की भर्तियों को भी हाईकोर्ट खारिज कर चुका है जबकि मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कार्यकाल 2011 में 1983 पीटीआइ शिक्षकों की भर्ती को रद किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त आधा दर्जन ऐसे मामले हैं, जिन पर हाईकोर्ट ने नियुक्तियों में गलत प्रक्रिया अपनाए जाने का संज्ञान लेते हुए कड़ी हिदायतें जारी की हैं। सीबीआइ की नई दिल्ली स्थित अदालत ने हालांकि 3206 जेबीटी शिक्षक भर्ती घोटाले में दोषी घोषित कर दिए हैं, लेकिन अभी शिक्षकों के बारे में कोई दिशा-निर्देश नहीं मिले हैं।

हरियाणा सरकारी भर्तियों में इंटरव्यू ठीक तो काहे की फिक्र

प्रदेश में हो रही सरकारी भर्तियों में शैक्षणिक योग्यताओं व लिखित परीक्षा को दरकिनार करते हुए केवल साक्षात्कार को ही महत्व दिया जा रहा है। जिस आवेदक को साक्षात्कार में ज्यादा अंक मिले, उसका सलेक्शन पक्का है, चाहे उसने 10वीं से एमए तृतीय श्रेणी में ही पास क्यों न कर रखी हो।
हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन ने स्कूल लेक्चरर की भर्ती में जो मापदंड अपनाए हैं, उससे तो ऐसा ही लगता है। जींद के पुलिस कालोनी निवासी विकास ने सूचना के अधिकार के तहत एचपीएससी से स्कूल लेक्चरर भर्ती परीक्षा (विज्ञापन संख्या 3/2009) के बारे में सूचना मांगी थी। कमीशन ने पत्र क्रमांक 17433 के तहत आवेदक को जो जानकारी दी है, उसके मुताबिक भर्ती में 25 नंबर पात्रता, पांच नंबर एम.फिल, पांच नंबर पीएचडी और पांच नंबर अन्य योग्यताओं को दिए गए हैं। साक्षात्कार को सर्वाधिक महत्व दिया गया है, जिसके लिए 60 अंक निर्धारित किए गए। यहां यह सोचने वाली बात है कि जो 25 नंबर पात्रता के दिए गए हैं, वह उन सभी को मिलेंगे, जिन्हें कम या ज्यादा नंबरों से पात्रता पास कर रखी है। इसी प्रकार से एम.फिल व पीएचडी धारक बहुत कम मिलते हैं और अन्य योग्यताओं जिनमें एनसीसी बी, सी सर्टिफिकेट, एम.ए में 75 प्रतिशत से ज्यादा, खेलों का राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय सर्टिफिकेट पर पर पांच नंबर देने की बात कही गई है।
ये योग्यताएं भी बहुत कम लोगों के पास होती हैं। 60 अंक साक्षात्कार के हैं, जबकि शैक्षणिक योग्यता व लिखित परीक्षा को कोई अंक नहीं दिया गया है। यदि कोई आवेदक दसवीं से एम.ए तक तृतीय श्रेणी में पास है तो उसे आसानी से पिछली दरवाजे से साक्षात्कार में अधिक नंबर देकर स्कूल लेक्चरर बनाया जा सकता है।

Thursday, January 17, 2013

राज्य अध्यापक पात्रता परीक्षा - सहायक व अतिरिक्त निदेशक निलंबित

राज्य अध्यापक पात्रता परीक्षा (स्टेट) जांच में व्यापक अनियमितताएं मिल रही हैं। किसी ने अंगूठे की जगह अंगुली का निशान लगा दिया तो किसी ने अंगूठे को ही घुमा दिया। जिनकी ड्यूटी लगी थी वे अनुपस्थित रहे। इस मामले में शिक्षा विभाग के एक सहायक निदेशक व अतिरिक्त निदेशक को निलंबित कर दिया गया है। हाई कोर्ट ने प्रदेश सरकार लगभग 8419 जेबीटी अध्यापकों के रिकार्ड की जांच के आदेश दिए थे। जांच में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी मिल रही है। सूत्र बताते हैं कि स्टेट जांच मामले में प्रदेश के 12 जिलों के उम्मीदवारों की जांच हो चुकी है और तेरहवें जिले फतेहाबाद की जांच चल रही है। अब तक लगभग 3800 उम्मीदवारों ने अपने अंगूठे के निशान शिक्षा बोर्ड मुख्यालय पर दिए हैं। जांच अधिकारी शिक्षा बोर्ड द्वारा उपलब्ध करवाए गए रिकार्ड व लिए जा रहे अंगूठे के निशान को जांच के लिए मधुबन प्रयोगशाला में भेजा जा रहा है। जांच के दौरान तैनात किए गए दो बड़े अधिकारी अतिरिक्त निदेशक आरपी यादव व सहायक निदेशक रमेश कुमार ड्यूटी से अनुपस्थित रह रहे थे। इन दोनों अधिकारियों को सरकार ने तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है। हालांकि पता यह भी चला है कि अतिरिक्त निदेशक आरपी यादव मेडिकल अवकाश पर थे।

Tuesday, January 15, 2013

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने बदला 10वीं, 12वीं व डीएड की उत्तरपुस्तिकाओं का डिजाइन

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने दसवीं, बारहवीं तथा डीएड की उत्तरपुस्तिकाओं के डिजाइन में व्यापक बदलाव कर दिया है। नई उत्तरपुस्तिकाओं के साथ ओएमआर शीट भी दी जाएंगी। प्रदेश के करीब दस लाख छात्रों को ओएमआर शीट का प्रशिक्षण देने के लिए जल्द ही ओएमआर शीट भेजी जा रही हैं। पंजाब बोर्ड की तर्ज पर किए गए इस बदलाव से सुरक्षा व पारदर्शिता बनी रहेंगी। सूत्र बताते हैं कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड प्रशासन के महत्वपूर्ण निर्णय के अनुसार उत्तरपुस्तिकाओं के साथ ओएमआर शीट अटैच की जाएगी। इसमें बार कोडिंग के अलावा फिक्टिशियस (खुफिया) नंबर दिया जाएगा। यह परीक्षार्थी के रोल नंबर से भिन्न होगा। उत्तरपुस्तिकाओं को चेकिंग के लिए इसी नंबर का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे उत्तरपुस्तिकाओं की जांच के दौरान गड़बड़ी बिलकुल नहीं रहेगी। शिक्षा बोर्ड प्रशासन स्कूलों में नई उतरपुस्तिका व ओएमआर शीट प्रशिक्षण के लिए भेजेगा, ताकि परीक्षार्थियों को नई उत्तर पुस्तिका समझने में कोई परेशानी न हो।

Monday, January 14, 2013

हरियाणा पीजीटी भर्ती में अब अनुभव वाले कर सकेंगे आवेदन

हरियाणा शिक्षक भर्ती बोर्ड ने पीजीटी भर्ती में चार साल का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को एक बड़ी राहत दी है। अब ऐसे उम्मीदवार भी इस भर्ती के लिए आवेदन कर सकेंगे, जो योग्य होने के बावजूद इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पाए थे। इस संबंध में बोर्ड ने शनिवार को अधिसूचना जारी करते हुए इन उम्मीदवारों से दोबारा आवेदन मांगे हैं।

विभागीय सूत्रों के अनुसार हरियाणा शिक्षक भर्ती बोर्ड की तरफ से पीजीटी के लिए 14 हजार से अधिक पदों के लिए आवेदन मांगे गए थे। इसमें उन उम्मीदवारों को पात्रता परीक्षा मामले में छूट दी गई थी, जिनका राजकीय, एडिड और मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों में चार वर्ष का शिक्षण अनुभव था। बोर्ड की इस शर्त से कई उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पाए। इनका शिक्षण अनुभव तो था, मगर वे मौजूदा स्थिति में किसी स्कूल में कार्यरत नहीं थे। बाद में इस मामले में कई उम्मीदवार हाई कोर्ट चले गए। जिस पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने निर्णय दिया कि पीजीटी की इस भर्ती में एचटेट योग्यता ना रखने वाले वे सभी उम्मीदवार भी योग्य माने जाएंगे, जिनका चार साल का शैक्षणिक अनुभव है, भले ही वे बोर्ड की तरफ से निर्धारित तिथि को सेवा में हो या न हो।

Friday, January 11, 2013

हरियाणा शिक्षा बोर्ड - 10वीं व 12वीं की परीक्षाएं 4 मार्च से

हरियाणा शिक्षा बोर्ड प्रशासन ने 10वीं व 12वीं कक्षा की परीक्षाओं की तिथि तय कर दी है। ये परीक्षाएं 4 मार्च से शुरू होंगी। इनके बाद प्रशासन एचटेट लेने की तैयारी में जुट गया है। सूत्र बताते हैं कि लगभग एक माह चलने वाली बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी जोर शोर से शुरू कर दी गई है। परीक्षा केंद्रों व उड़नदस्तों के गठन की तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं। उधर इन परीक्षाओं के साथ साथ एचटेट के आयोजन को लेकर शिक्षा बोर्ड प्रशासन सक्रिय हो गया है। हालांकि पूर्व में एचटेट फरवरी माह के प्रथम सप्ताह में आयोजित करने का विचार किया जा रहा था, लेकिन अधिकारियों की व्यस्तता के चलते एचटेट अब अप्रैल माह में करने पर विचार किया जा रहा है।
-Read D.Jagran Jan.12,2013

Thursday, January 10, 2013

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड का ऑनलाइन सिस्टम तैयार होगा

नए सत्र परीक्षार्थियों को सभी प्रकार की सुविधाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराने को लेकर शिक्षा बोर्ड प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए बोर्ड ने हैदराबाद की एक कंपनी का चयन किया है। डील फाइनल करने से पहले बोर्ड अधिकारी खुद इस कंपनी का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान डील फाइनल हो जाती है तो जल्द ही इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो जाएगा।

उल्लेखनीय है कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने परीक्षार्थियों से संबंधित सभी कार्यों को ऑनलाइन करने का फैसला लिया है ताकि स्कूल संचालकों के साथ साथ खुद परीक्षार्थियों या उनके अभिभावकों को बोर्ड मुख्यालय के चक्कर न काटने पड़े। बोर्ड के इस फैसले के तहत दसवीं व बारहवीं के फ्रेश आवेदन, रिवेल्युएशन, रि चेकिंग, कंपार्टमेंट आदि सभी तरह के आवेदन ऑनलाइन कर दिए जाएंगे। इसके अलावा सभी स्कूलों की अपनी खुद की एक मेल आईडी बनाई जाएगी, जिसके द्वारा वह बोर्ड के संपर्क में रह सकेंगे और किसी भी इंक्वायरी का इस मेल के जरिए समाधान कर सकेंगे। उम्मीद है कि परीक्षार्थियों को यह सुविधा नए सत्र से उपलब्ध हो जाए। बोर्ड ने इस प्रोजेक्ट के लिए हैदराबाद की एक कंपनी सेंटर ऑफ गुड गवर्निंग का चयन किया है। यह एक गवर्नमेंट अंडरटेकिंग कंपनी है।