कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की परीक्षा शाखा के परीक्षा फार्म के ऑनलाइन होने से कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से हर वर्ष परीक्षा देने वाले 9 लाख विद्यार्थियों को सीधा फायदा होगा। अब विद्यार्थियों को फीस भरने से लेकर सत्यापित कराने व जमा कराने के लिए विश्वविद्यालय में नहीं आना होगा। विद्यार्थी अपने घर बैठकर ही हर तरह के परीक्षा फार्म ऑनलाइन भर सकेंगे।
दिसंबर 2017 से यह व्यवस्था लागू होते ही कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय परीक्षा शाखा के ऑटोमेशन करने के संकल्प की दिशा में एक कदम आगे बढ़ जाएगा। शुक्रवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. कैलाश चंद्र शर्मा ने विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में परीक्षा शाखा के लिए ऑनलाइन सॉफ्टवेयर का बटन दबाकर उसका शुभारंभ किया।
कुलपति डॉ. कैलाश चंद्र शर्मा ने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय हरियाणा प्रदेश का सबसे बड़ा विश्वविद्यालय है। इसका सबसे बड़ा कारण इस विश्वविद्यालय में होने वाली प्रयोगधर्मिता है। प्रगतिशील सोच व निरंतर नए-नए प्रयोग करने के कारण ही आज यह विश्वविद्यालय इस मुकाम पर है। परीक्षा फार्म के ऑनलाइन होने से कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से परीक्षा देने वाले लाखों विद्यार्थियों को सीधे फायदा होगा। उन्होंने कहा कि डिजीटाइजेशन समय की जरूरत है। डिजीटल व पेपरलैस कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय प्रशासन की महत्वाकांक्षी योजना है। उन्होंने इसके लिए परीक्षा नियंत्रक डॉ. हुकम सिंह व डॉ. ओपी आहूजा के साथ-साथ सॉफ्टवेयर बनाने वाली कंपनी के अधिकारियों व कर्मचारियों को भी बधाई दी। परीक्षा नियंत्रक डॉ. हुकम सिंह ने कहा कि हर वर्ष करीब 9 लाख विद्यार्थी विश्वविद्यालय में परीक्षा देते हैं।
No comments:
Post a Comment